महज 77 की आबादी, लेकिन जागरूकता में सबसे आगे निकला उत्तराखंड का बगड़तोली गांव..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के छोटे से गांव बगड़तोली ने जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। महज 18 परिवारों और करीब 77 लोगों की आबादी वाले इस गांव में सभी परिवारों ने स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस तरह गांव ने शत-प्रतिशत भागीदारी दर्ज कर अन्य गांवों के सामने उदाहरण पेश किया है। जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान चलाया जा रहा है। बगड़तोली में इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर विशेष प्रयास किए गए। गांव की प्रगणक कलावती धरियाल ने घर-घर जाकर लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई और इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं, सुपरवाइजर मोहन चंद्र जोशी ने अभियान की निगरानी और मार्गदर्शन किया।
ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने निभाई अहम भूमिका
स्वगणना अभियान में ग्राम प्रधान राहुल कुमार सहित गांव के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। ग्रामीणों ने इसे सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए निर्धारित समय के भीतर अपने परिवारों का विवरण दर्ज कराया। सभी परिवारों की भागीदारी से गांव में शत-प्रतिशत स्वगणना का लक्ष्य हासिल हो सका। बगड़तोली की यह उपलब्धि बताती है कि सामूहिक प्रयास और जागरूकता के जरिए राष्ट्रीय स्तर के अभियानों को गांवों में भी सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।
चमोली और अल्मोड़ा में स्वगणना की अच्छी प्रगति
जनगणना अभियान के आंकड़ों को लेकर सचिव दीपक कुमार ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों और नगर निगमों को शुरुआती एक लाख स्वगणना का लक्ष्य पूरा करने के बाद नया लक्ष्य दिया गया है। इसे बढ़ाकर डेढ़ लाख से अधिक कर दिया गया है। 27 नवंबर की दोपहर तक प्रदेश में स्वगणना का आंकड़ा करीब 1.33 लाख पहुंच चुका था। मंडलवार प्रदर्शन की बात करें तो गढ़वाल मंडल में चमोली और कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा सबसे आगे चल रहे हैं। नगर निगमों की श्रेणी में गढ़वाल क्षेत्र से रुड़की और कुमाऊं क्षेत्र से हल्द्वानी-काठगोदाम ने बेहतर प्रगति दर्ज की है। अधिकारियों को उम्मीद है कि 30 नवंबर को अभियान समाप्त होने तक सभी जिले और नगर निगम निर्धारित लक्ष्य से आगे निकल जाएंगे।
अभियान को सफल बनाने में जुटा प्रशासन
स्वगणना के लक्ष्य को पूरा कराने के लिए जनगणना निदेशालय के साथ जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त लगातार काम कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। बगड़तोली जैसे छोटे गांव की उपलब्धि ने इस अभियान में जनभागीदारी के महत्व को एक बार फिर सामने रखा है।

More Stories
UKPSC का नया परीक्षा कैलेंडर जारी, PCS प्री-2026 समेत 11 भर्ती परीक्षाओं की तारीखें घोषित..
प्रदेश के कई जिलों को विकास योजनाओं की सौगात, विभिन्न कार्यों के लिए 32.58 करोड़ स्वीकृत..
जाम से मिलेगी राहत, हरिद्वार में 21 किमी लंबे पॉड टैक्सी कॉरिडोर को हरी झंडी..