November 28, 2026

UKPSC का नया परीक्षा कैलेंडर जारी, PCS प्री-2026 समेत 11 भर्ती परीक्षाओं की तारीखें घोषित..

UKPSC का नया परीक्षा कैलेंडर जारी, PCS प्री-2026 समेत 11 भर्ती परीक्षाओं की तारीखें घोषित..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है। 23 नवंबर 2026 को जारी इस कार्यक्रम में नवंबर 2026 से जुलाई 2027 तक आयोजित होने वाली 11 प्रमुख परीक्षाओं की संभावित तिथियां दी गई हैं। कैलेंडर जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी और परीक्षा की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सबसे पहले उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती परीक्षा-2025 के कला विषय की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। नए साल में भी आयोग की ओर से कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

जनवरी 2027 में इन परीक्षाओं का आयोजन
जनवरी में सबसे पहले 6 जनवरी को नैनीताल हाईकोर्ट के अधिष्ठान अनुभाग में वैयक्तिक सहायक भर्ती-2025 की वस्तुनिष्ठ एवं लिखित परीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद 30 जनवरी को राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती-2025 के गृह विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा होगी।

अप्रैल से जुलाई तक परीक्षाओं का कार्यक्रम
संशोधित कैलेंडर के अनुसार, 2027 के अप्रैल से जुलाई महीने के बीच विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनकी प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं:

25 अप्रैल 2027: शहरी विकास विभाग में कर एवं राजस्व निरीक्षक पद की लिखित परीक्षा।
1 और 2 मई 2027: पशुपालन विभाग में पशु चिकित्साधिकारी पद की लिखित परीक्षा।
8 से 14 मई 2027: विभिन्न विभागों में सहायक अभियंता (सिविल, यांत्रिक, विद्युत, कृषि और आईटी) पदों की मुख्य परीक्षा।
30 मई 2027: उत्तराखंड सचिवालय और लोक सेवा आयोग में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती-2026 की प्रारंभिक परीक्षा।
6 जून 2027: समीक्षा अधिकारी (लेखा) और सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) भर्ती-2026 की प्रारंभिक परीक्षा।
26 जून से 1 जुलाई 2027: विभिन्न विभागों में कनिष्ठ अभियंता पदों की मुख्य परीक्षा।

अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर रखें नजर
UKPSC ने स्पष्ट किया है कि संशोधित कैलेंडर में जारी की गई सभी परीक्षा तिथियां फिलहाल संभावित हैं। प्रशासनिक परिस्थितियों या अन्य कारणों से इनमें बदलाव भी किया जा सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर रखें। परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और परीक्षा कार्यक्रम में होने वाले बदलावों की जानकारी भी आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें। इस संशोधित कैलेंडर से प्रदेश के हजारों प्रतियोगी अभ्यर्थियों को आगामी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए समयबद्ध योजना बनाने में मदद मिलेगी।