विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने की तैयारी, पीजी छात्रों के लिए अनिवार्य बॉन्ड लागू..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों के लिए अब अनिवार्य बॉन्ड व्यवस्था लागू की जाएगी। कैबिनेट से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। नई व्यवस्था इसी शैक्षणिक सत्र से प्रभावी होगी। नई नीति के तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी कोर्स में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों को चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ बॉन्ड भरना अनिवार्य होगा। कोर्स पूरा करने के बाद सभी संबंधित डॉक्टरों को प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में दो वर्ष तक सेवाएं देनी होंगी। यह नियम राज्य और केंद्रीय कोटे, दोनों के तहत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों पर लागू होगा।
दरअसल, प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की लंबे समय से कमी बनी हुई है। पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद कई डॉक्टर निजी अस्पतालों का रुख कर लेते हैं। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता प्रभावित होती है। सरकार को उम्मीद है कि बॉन्ड व्यवस्था लागू होने से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित हो सकेगी। प्रदेश के चार राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर और अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। इन संस्थानों में राज्य और केंद्रीय कोटे के तहत सीटों पर प्रवेश दिया जाता है।
चार मेडिकल कॉलेजों में पीजी की सीटें
मेडिकल कॉलेज पीजी सीटें
देहरादून 101
हल्द्वानी 97
श्रीनगर 34
अल्मोड़ा 38
कुल 270
सरकार का मानना है कि अनिवार्य सेवा की शर्त से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। खासतौर पर उन पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है, जहां लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हैं।

More Stories
जाम से मिलेगी राहत, हरिद्वार में 21 किमी लंबे पॉड टैक्सी कॉरिडोर को हरी झंडी..
उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड खत्म, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने संभाली जिम्मेदारी, 245 मदरसे सील..
आग से तबाह पवानी गांव पहुंचे सीएम धामी, हर प्रभावित परिवार को मिलेगी पांच लाख की सहायता..