November 27, 2026

आग से तबाह पवानी गांव पहुंचे सीएम धामी, हर प्रभावित परिवार को मिलेगी पांच लाख की सहायता..

आग से तबाह पवानी गांव पहुंचे सीएम धामी, हर प्रभावित परिवार को मिलेगी पांच लाख की सहायता..

 

 

उत्तराखंड: उत्तरकाशी मोरी तहसील के पवानी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। सीएम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और आग से हुए नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ितों की हरसंभव मदद करेगी। सीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कर प्रभावित परिवारों तक बिना देरी के राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि फिलहाल सरकार का मुख्य उद्देश्य पीड़ितों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना और उनके जीवन को फिर से सामान्य स्थिति में लाना है।

सर्दी और बर्फबारी से पहले आवास की व्यवस्था करने के निर्देश
सीएम ने कहा कि क्षेत्र में सर्दी का मौसम और संभावित बर्फबारी प्रभावित परिवारों के लिए अतिरिक्त मुश्किलें पैदा कर सकती हैं। ऐसे में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी परिवारों के रहने की ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे उन्हें खराब मौसम के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि आग की चपेट में आने से ग्रामीणों के मकानों के साथ छह महीने के लिए सुरक्षित रखा गया राशन भी नष्ट हो गया है। इसे देखते हुए प्रभावित परिवारों को अगले छह महीने तक खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न होने देने पर जोर
अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बच्चों की शिक्षा को लेकर भी सीएम ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस घटना का असर बच्चों की पढ़ाई पर नहीं पड़ना चाहिए। जरूरत के अनुसार विद्यालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की जरूरतों को राहत कार्यों में प्राथमिकता देने को भी कहा गया।

प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की जिम्मेदारी सरकार की : धामी
पीड़ित परिवारों से बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने आग में अपना घर और वर्षों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति गंवाई है, उनके दर्द को समझना आसान नहीं है। सरकार केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रभावित परिवारों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन से लेकर सरकार तक पूरा तंत्र ग्रामीणों की सहायता में जुटा है। किसी भी परिवार को खुद को अकेला महसूस करने की जरूरत नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही वह जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे और लगातार राहत कार्यों की जानकारी लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे थे।

गांव में जलाशय और हेलीपैड निर्माण की भी योजना
सीएम ने पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड और अन्य बुनियादी विकास कार्य कराने की बात भी कही। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में सरकार की पहली प्राथमिकता अग्निकांड पीड़ितों को राहत पहुंचाना, उनके लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था करना और पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी करना है। इस मौके पर विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने सीएम के तत्काल दौरे तथा राहत कार्यों को लेकर किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार जताया। सीएम ने दोहराया कि प्रभावित परिवारों को फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटाने और गांव में जरूरी सुविधाएं बहाल करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।