February 4, 2025

उत्तराखंड को मिली पहली महिला मुख्य सचिव..

उत्तराखंड को मिली पहली महिला मुख्य सचिव..

 

 

 

 

उत्तराखंड: नए साल में उत्तराखंड को नया मुख्य सचिव मिल गया हैं। वरिष्ठ आईएएस राधा रतूड़ी उत्तराखंड के मुख्य सचिव की कुर्सी संभालेंगी। वर्तमान मुख्य सचिव एसएस संधू के रिटायरमेंट के बाद राधा रतूड़ी उत्तराखंड में ब्यूरोक्रेसी की नई बॉस होंगी। आपको बता दे कि एसएस संधू के बाद राधा रतूड़ी उत्तराखंड में सबसे सीनियर आईएएस अधिकारी हैं। राधा रतूड़ी 1988 बैच की IAS अधिकारी हैं। उन्होंने प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां बखूबी संभाली हैं। वर्तमान में राधा रतूड़ी सीएम धामी के अपर मुख्य सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रही हैं। 31 जनवरी को जैसे ही वर्तमान मुख्य सचिव एसएस संधू रिटायर होंगे, राधा रतूड़ी उत्तराखंड की मुख्य सचिव बन जाएंगी।

रतूड़ी के नाम की घोषणा से पहले उत्तराखंड में मुख्य सचिव के नाम को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। चर्चा थी कि क्या एसएस संधू को फिर से सेवा विस्तार मिलेगा या फिर उनके बाद सबसे सीनियर आईएएस अधिकारी राधा रतूड़ी उत्तराखंड में ब्यूरोक्रेसी की नई बॉस बनेंगी। बता दे कि साल 2023 में 31 जुलाई को ही वर्तमान मुख्य सचिव एसएस संधू रिटायर हो रहे थे। तब केंद्र सरकार की ओर से उन्हें 6 महीने का सेवा विस्तार मिल गया था।

सीनियर आईएएस अधिकारी और शासन में अपर मुख्य सचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रही राधा रतूड़ी उत्तराखंड की पहली महिला मुख्य सचिव बनेंगी। फिलहाल रतूड़ी शासन में अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी देख रही हैं। वो सीएम पुष्कर सिंह धामी की सबसे करीबी अफसरों में शामिल हैं। उनके पास अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री की भी जिम्मेदारी है। राज्य में कई जिलों की जिलाधिकारी के तौर पर उन्होंने जिम्मेदारी देखी है। महिला एवं सशक्तिकरण विभाग को उन्होंने लंबे समय तक देखा है। महिलाओं के विकास को लेकर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनकी गंभीरता भी दिखाई दी है।

पिछले साल जुलाई में भी अंतिम दिनों तक सस्पेंस बरकरार था। संधू के सेवा विस्तार को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थी। तब रिटायरमेंट से करीब एक हफ्ता पहले ही उनके सेवा विस्तार को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाई थी। इस बार एसएस संधू के रिटायरमेंट के एक दिन पहले तक जब सेवा विस्तार को लेकर कोई सूचना नहीं आई तो लगने लगा था कि अब राधा रतूड़ी ही उत्तराखंड की नई मुख्य सचिव बनेंगी। आखिरकार ये बात सच साबित हो गई. एसएस संधू के रिटायरमेंट से एक दिन पहले ही उत्तराखंड की नई मुख्य सचिव राधा रतूड़ी घोषित हो गई हैं।