आज दोपहर खुलेगा केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग पोर्टल, दूसरे चरण के लिए करें आवेदन..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा के दूसरे चरण की टिकट बुकिंग बुधवार यानी आज से शुरू होने जा रही है। इस चरण में 16 जून से 25 जून तक की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। हेली सेवा के संचालन से जुड़ी एजेंसी आईआरसीटीसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट बुकिंग की जानकारी जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टिकट बुकिंग के लिए पोर्टल 10 जून को अपराह्न तीन बजे खोल दिया जाएगा, जहां से श्रद्धालु ऑनलाइन टिकट आरक्षित कर सकेंगे। बता दे कि इससे पहले अप्रैल माह में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा अवधि के लिए हेलीकॉप्टर टिकटों की बुकिंग की गई थी। उस समय श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला था और टिकट जारी होने के कुछ ही समय के भीतर सभी सीटें बुक हो गई थीं।
चारधाम यात्रा में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचते हैं। कठिन पैदल मार्ग और समय की बचत को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवा यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय बनी हुई है। ऐसे में दूसरे चरण की बुकिंग शुरू होने के साथ ही एक बार फिर टिकटों की भारी मांग रहने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही टिकट बुक करें और किसी भी प्रकार की फर्जी वेबसाइट या दलालों के झांसे में न आएं।

More Stories
पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवा, उत्तराखंड को मिलेंगी 75 AI हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें
उत्तराखंड के मदरसों में नई शिक्षा व्यवस्था लागू, एक जुलाई से समाप्त होगा मदरसा बोर्ड
उत्तराखंड में 63 पीसीएस पदों पर भर्ती को मिली रफ्तार, आयोग ने दिए बड़े संकेत..