दीपावली पर घर जाने वालों को राहत, कई विशेष ट्रेनों का हरिद्वार और रुड़की में ठहराव..
उत्तराखंड: दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए योगनगरी ऋषिकेश और हरिद्वार से देश के अलग-अलग शहरों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों का ठहराव हरिद्वार, रुड़की समेत मुरादाबाद मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, त्योहारों के दौरान ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता, हरिद्वार-वेरावल, हरिद्वार-बाड़मेर, योगनगरी ऋषिकेश-अजमेर, हरिद्वार-साबरमती, योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर और योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
नवंबर में इन रूटों पर भी चलेंगी विशेष ट्रेनें
रेलवे की ओर से पंजाब, बिहार, राजस्थान और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:
लुधियाना-सहरसा-लुधियाना स्पेशल ट्रेन 6 से 13 नवंबर तक चलेगी।
लुधियाना-दरभंगा-लुधियाना स्पेशल ट्रेन का संचालन 7 से 12 नवंबर तक होगा।
लुधियाना-गया-लुधियाना स्पेशल ट्रेन 12 और 13 नवंबर को संचालित की जाएगी।
लुधियाना-कोलकाता-लुधियाना स्पेशल ट्रेन 6 और 7 नवंबर को चलेगी।
सरहिंद-सहरसा-सरहिंद स्पेशल ट्रेन 5 से 13 नवंबर तक यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।
लुधियाना-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन 5 से 10 नवंबर तक संचालित होगी।
इन विशेष ट्रेनों से त्योहारों पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्टेशन परिसर में मोबाइल सिस्टम से भी बनेंगे अनारक्षित टिकट
त्योहारों के दौरान टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने के लिए रेलवे ने टिकट व्यवस्था में भी बदलाव किया है। प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल अनरिजर्व टिकटिंग सिस्टम के माध्यम से स्टेशन परिसर में ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। इसके साथ ही टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाना और स्टेशनों पर भीड़ का दबाव कम करना है।

More Stories
पुरानी ACP व्यवस्था की बहाली को लेकर कर्मचारियों ने खोला मोर्चा..
हरिद्वार में कुंभ की तैयारियां तेज, फ्लाईओवर से पुरानी इमारतों तक दिखेगी धार्मिक विरासत की झलक..
सिल्क्यारा रेस्क्यू की याद में 28 नवंबर को मनेगा आपदा प्रबंधन दिवस..