उत्तराखंड में बंदर-लंगूरों की गिनती होगी हाईटेक, जीपीएस से दर्ज होगी लोकेशन..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में बंदरों और लंगूरों की वास्तविक संख्या का पता लगाने के लिए वन विभाग नई तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। अब प्रदेश में इन वन्यजीवों की गणना मोबाइल एप के जरिए की जाएगी। भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) इस उद्देश्य से एक विशेष एप तैयार कर रहा है, जिसका काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। खास बात यह है कि इस अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। डब्ल्यूआईआई के वैज्ञानिक डॉ. बिलाल हबीब के मुताबिक, हरियाणा में इसी तकनीक का इस्तेमाल कर बंदरों की गणना की जा चुकी है। वहां मिले अनुभवों के आधार पर उत्तराखंड में भी यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी। एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकेगा। गणना के लिए एक निश्चित दिन और समय तय किया जाएगा, ताकि निर्धारित अवधि में अधिक से अधिक क्षेत्रों से आंकड़े जुटाए जा सकें।
जीपीएस लोकेशन के साथ अपलोड करनी होगी फोटो
एप के माध्यम से गणना की प्रक्रिया काफी सरल रखी जाएगी। एप खोलते ही संबंधित व्यक्ति की जीपीएस लोकेशन दर्ज हो जाएगी। इसके बाद मौके पर दिखाई देने वाले बंदर या लंगूर की तस्वीर लेकर उनकी संख्या की जानकारी अपलोड की जा सकेगी। इस तरह अलग-अलग क्षेत्रों से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण कर बंदर और लंगूरों की संख्या का आकलन किया जाएगा। जीपीएस आधारित व्यवस्था से एक ही समूह की बार-बार गिनती होने की संभावना भी कम होगी। इससे वन विभाग को यह समझने में आसानी होगी कि किन इलाकों में इनकी संख्या अधिक है।
इस साल 154 लोग बंदर-लंगूर के हमलों में घायल
उत्तराखंड में बंदर और लंगूर लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। ये न केवल खेतों और फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि कई बार लोगों पर भी हमला कर देते हैं। इस वर्ष सितंबर तक वन्यजीवों के हमलों में कुल 407 लोग घायल हुए। इनमें से 154 लोग बंदर और लंगूर के हमलों का शिकार बने। यह आंकड़ा वन विभाग में दर्ज मामलों पर आधारित है। बंदर-लंगूर के हमलों से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए वर्ष 2024 में मानव वन्यजीव संघर्ष राहत वितरण निधि नियमावली में संशोधन किया गया था। इसके तहत इन वन्यजीवों के हमलों में घायल होने वाले लोगों को भी अनुग्रह राशि देने का प्रावधान शामिल किया गया।
संघर्ष कम करने की योजना बनाने में मिलेगी मदद
प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव नीना ग्रेवाल के अनुसार, मोबाइल एप के माध्यम से होने वाली गणना से बंदर और लंगूरों की संख्या का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा। क्षेत्रवार आंकड़े मिलने से वन विभाग को उनकी गतिविधियों और प्रभावित इलाकों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इस जानकारी के आधार पर मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सकेगी। साथ ही उन क्षेत्रों में विशेष कदम उठाए जा सकेंगे, जहां बंदर और लंगूरों की वजह से लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

More Stories
उत्तराखंड को मिलेगी डबल लेन सड़क की सौगात, बागेश्वर-कर्णप्रयाग मार्ग का रास्ता साफ..
धारा-27 के तहत शिक्षकों के तबादलों का रास्ता साफ, तीन हजार से ज्यादा आवेदन पहुंचे..
विधानसभा चुनाव- कर्मचारी सूची देने में लापरवाही पर 250 विभागों पर होगी कार्रवाई..