सोमवती अमावस्या पर गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़..
स्नान-दान और पूजा-अर्चना कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना..
उत्तराखंड: सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह तड़के से ही हरकी पैड़ी सहित शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर स्नान के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। देश के अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सूर्योदय के साथ ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होता गया। स्नान के बाद लोगों ने दान-पुण्य किया और कई श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए गंगा तट पर धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए। मान्यता है कि सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान और दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि इस पर्व पर हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
सोमवती अमावस्या पर स्नान और पितृ पूजन का विशेष महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार सोमवार को पड़ने वाली अमावस्या पर किया गया दान अक्षय फल प्रदान करने वाला माना जाता है। इस दिन गंगा स्नान और पिंडदान का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उदया तिथि में सोमवती अमावस्या का संयोग अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य फल मिलने की मान्यता है। भीष्म पितामह से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं में भी इस विशेष संयोग का उल्लेख मिलता है।
सुरक्षा के लिए 14 जोन और 44 सेक्टर में बांटा मेला क्षेत्र
स्नान पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टर में विभाजित कर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हरकी पैड़ी और आसपास के प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कुंभ निर्माण कार्यों के चलते हरकी पैड़ी पर कम रहा गंगाजल का प्रवाह
सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हरकी पैड़ी पर गंगा के जलस्तर और प्रवाह को लेकर भी चर्चा रही। दरअसल, हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारियों के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। हरकी पैड़ी क्षेत्र में अस्थायी पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके चलते फिलहाल यहां गंगाजल का प्रवाह सामान्य दिनों की तुलना में कम रखा गया है। हालांकि, गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है। जल की मात्रा अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नजर नहीं आई और सुबह से ही गंगा घाटों पर स्नान का सिलसिला जारी रहा।

More Stories
दिवाली की खुशियों के बीच हादसा,गहरी खाई में गिरा 24 वर्षीय युवक..
26 साल का उत्तराखंड: विकास, सुशासन और पर्यटन में बनी नई पहचान..
दीपावली पर घर जाने वालों को राहत, कई विशेष ट्रेनों का हरिद्वार और रुड़की में ठहराव..