June 10, 2026

स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का सुनहरा अवसर, नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर आवेदन शुरू जल्द..

स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का सुनहरा अवसर, नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर आवेदन शुरू जल्द..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के युवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में नर्सिंग अधिकारियों के 196 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 2 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार लेवल-7 का वेतनमान मिलेगा। नियुक्ति के बाद अभ्यर्थियों को 44,900 रुपये से लेकर 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन प्रदान किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग में यह भर्ती लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के उद्देश्य से की जा रही है।

ऑनलाइन आवेदन और संशोधन की सुविधा..

भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन पत्र भर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने और ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 2 जुलाई रखी गई है।बोर्ड की ओर से अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। यदि आवेदन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो अभ्यर्थी 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक अपने आवेदन में ऑनलाइन संशोधन कर सकेंगे। यह भर्ती समूह ‘ग’ श्रेणी के अंतर्गत की जा रही है। भर्ती में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। कुल 196 पदों में विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के लिए भी सीटें निर्धारित की गई हैं। विज्ञापन के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 21 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 4 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 11 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 7 पद तथा सामान्य वर्ग के लिए 153 पद निर्धारित किए गए हैं।

भर्ती में नर्सिंग डिग्री और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं। डिप्लोमा धारक महिला अभ्यर्थियों के लिए 126 पद, डिग्रीधारक महिलाओं के लिए 31 पद, डिप्लोमा धारक पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 31 पद तथा डिग्रीधारक पुरुषों के लिए 8 पद आरक्षित किए गए हैं। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2025 के आधार पर की जाएगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये शुल्क जमा करना होगा। वहीं ईडब्ल्यूएस, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग अधिकारियों की यह भर्ती राज्य के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर मानी जा रही है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवेदन करने की संभावना है।