May 18, 2026

घर बैठे बनाएं राशन कार्ड, उत्तराखंड सरकार ने शुरू की नई ऑनलाइन सुविधा..

घर बैठे बनाएं राशन कार्ड, उत्तराखंड सरकार ने शुरू की नई ऑनलाइन सुविधा..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, डिजिटल और आम जनता के लिए आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य में अब यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (URCMS) पोर्टल लागू कर दिया गया है, जिसके जरिए राशन कार्ड से जुड़ी लगभग सभी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब लोगों को राशन कार्ड बनवाने या उसमें संशोधन कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को आधुनिक तकनीक के साथ अपग्रेड कर यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है। इस नई डिजिटल प्रणाली के जरिए नागरिक घर बैठे नया राशन कार्ड बनवाने, परिवार के सदस्यों का नाम जोड़ने या हटाने, मोबाइल नंबर अपडेट करने और अन्य जरूरी बदलावों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेज भी पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और तेज हो जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत आवेदन करने के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल http://uk.smartpds.nic.in पर जाकर Citizen Login के माध्यम से लॉगिन करना होगा। नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों को आधार आधारित ओटीपी सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं पुराने राशन कार्ड धारकों को किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए राशन कार्ड मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी सत्यापन करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों के अनुसार, परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर सक्रिय और अपडेट होना जरूरी है, ताकि ऑनलाइन सेवाओं का लाभ आसानी से लिया जा सके। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कहा कि शासन स्तर पर राशन कार्ड सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि यूआरसीएमएस पोर्टल लागू होने से आम जनता को घर बैठे सुविधाएं मिलेंगी और राशन कार्ड संबंधी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। साथ ही जरूरत पड़ने पर लोग तहसील और जिला पूर्ति कार्यालयों में संपर्क कर सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं।

इधर विभाग ने सभी राशन कार्ड धारकों से समय रहते ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित तिथि 30 मई से पहले सभी लाभार्थी “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के माध्यम से घर बैठे अपनी ई-केवाईसी करा लें। समय पर ई-केवाईसी नहीं होने की स्थिति में भविष्य में राशन वितरण सेवाओं में दिक्कत आ सकती है। सरकार का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

 

नए राशन कार्ड के लिए जरूरी दस्तावेज..
सभी परिवार सदस्यों के आधार कार्ड की कॉपी
पासपोर्ट साइज फोटो
आय प्रमाण पत्र
मुखिया के पैन कार्ड की कॉपी
बिजली बिल की कॉपी
बैंक पासबुक की कॉपी
गैस बुक की कॉपी

राशन कार्ड ट्रांसफर के लिए आवश्यक दस्तावेज..

यदि कोई व्यक्ति अपना राशन कार्ड एक दुकान से दूसरी दुकान में ट्रांसफर कराना चाहता है, तो उसे ये दस्तावेज जमा करने होंगे
प्रार्थना पत्र
बैंक पासबुक की कॉपी
गैस बुक की कॉपी
बिजली बिल की कॉपी
राशन कार्ड की कॉपी

नई व्यवस्था से लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा..
यूआरसीएमएस पोर्टल लागू होने के बाद लंबी लाइनों से राहत मिलेगी, समय की बचत होगी, भ्रष्टाचार और देरी में कमी आएगी और सेवाएं ज्यादा पारदर्शी बनेंगी। सरकार का उद्देश्य राशन कार्ड सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और नागरिकों के लिए आसान बनाना है।