रुद्रनाथ धाम में आज से शुरू होगी पूजा-अर्चना, दोपहर 12:45 बजे खुलेंगे कपाट..
उत्तराखंड: चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली रविवार को भक्तों के जयघोष और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर से मध्य हिमालय क्षेत्र की ओर रवाना हो गई। “बम-बम भोले” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली यात्रा में शामिल हुए और भगवान रुद्रनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत रविवार तड़के से ही गोपीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच भगवान रुद्रनाथ की पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद देव डोली को रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और श्रद्धालुओं के जयघोष के साथ डोली अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।
यात्रा के दौरान डोली रात्रि प्रवास के लिए पनार बुग्याल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के माध्यम से भगवान शिव की आराधना की। सोमवार को डोली भगवान रुद्रनाथ मंदिर पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इस वर्ष रुद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी पुजारी हरीश भट्ट निभा रहे हैं। मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कपाट खुलने के साथ ही अब देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का रुद्रनाथ धाम पहुंचना शुरू हो जाएगा।

More Stories
घर बैठे बनाएं राशन कार्ड, उत्तराखंड सरकार ने शुरू की नई ऑनलाइन सुविधा..
केदारनाथ यात्रा में फिर हादसा, बड़ी लिनचोली में यात्री की मौत..
उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, हर जिले में विकसित होगा एक विशेष खेल..