उत्तराखंड में शिक्षक दिवस पर खास सम्मान, 19 शिक्षकों को मिलेगा शैलेश मटियानी पुरस्कार..
उत्तराखंड: शिक्षक दिवस के मौके पर उत्तराखंड के उन शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। 5 सितंबर 2025 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश के 19 शिक्षकों को शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार पाने वालों में प्रारंभिक शिक्षा के 12, माध्यमिक शिक्षा के 6 और प्रशिक्षण संस्थान का एक शिक्षक शामिल है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका मंजूबाला को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) इस अवसर पर चयनित शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
प्रारंभिक शिक्षा के 12 शिक्षक सम्मानित होंगे
प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए इस वर्ष पौड़ी गढ़वाल से विष्णुपाल सिंह नेगी, चमोली से लखपत सिंह रावत, उत्तरकाशी से पृथ्वी सिंह रावत, देहरादून से वीरेंद्र सिंह रावत और हरिद्वार से रोबिन कुमार का चयन किया गया है। इसके अलावा टिहरी से महेश्वर प्रसाद सेमवाल, रुद्रप्रयाग से शशिकांत नौटियाल, चंपावत से जहीर अब्बास, ऊधमसिंह नगर से नौ सिंह, नैनीताल से डॉ. श्वेता मजगांई, पिथौरागढ़ से विक्रम सिंह परिहार और अल्मोड़ा से त्रिलोक सिंह अधिकारी को भी राज्य शिक्षक पुरस्कार दिया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा के 6 शिक्षकों के नाम
माध्यमिक शिक्षा वर्ग में पौड़ी गढ़वाल से नरेंद्र सिंह नेगी, चमोली से डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा, देहरादून से डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव, हरिद्वार से कमलेश पंवार, चंपावत से नवीन चंद्र पंत और नैनीताल से विशन सिंह मेहता को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रशिक्षण संस्थान की श्रेणी में उत्तरकाशी के डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट को शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से हर साल शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इस सम्मान के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जाता है। इस वर्ष भी चयनित शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

More Stories
अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, मकान के मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत..
कंडोली में बरसाती बहाव में बही कार, दो की मौत, घायल युवती का रेस्क्यू..
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, UKSSSC में 553 पदों पर भर्ती..