September 1, 2026

कंडोली में बरसाती बहाव में बही कार, दो की मौत, घायल युवती का रेस्क्यू..

कंडोली में बरसाती बहाव में बही कार, दो की मौत, घायल युवती का रेस्क्यू..

 

उत्तराखंड: प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात बारिश के बाद तेज हुए बरसाती बहाव ने एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थे। कार के पानी में बहने की सूचना के बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के दौरान एक युवती घायल हालत में बरामद हुई, जबकि युवक और दूसरी युवती की मौत हो गई। घटना थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास की बताई जा रही है। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तेज बारिश के कारण बढ़े पानी के बहाव में एक कार बह गई है। सूचना मिलते ही डाकपत्थर से एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ जवानों ने अंधेरे और तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने आसपास के इलाके में लगातार तलाश जारी रखी।

करीब दो किलोमीटर दूर मिली घायल युवती
एसडीआरएफ के अनुसार, कार में जयपुर, राजस्थान निवासी अक्षय (20), पुत्र मुकेश के साथ दो युवतियां सवार थीं। तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली। रेस्क्यू टीम ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक कार्रवाई के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायल युवती के मिलने के बाद भी एसडीआरएफ ने अभियान बंद नहीं किया। टीम ने लगातार तलाशी जारी रखी और काफी मशक्कत के बाद युवक अक्षय और दूसरी युवती का शव बरामद कर लिया। दोनों शवों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। तेज बारिश, अंधेरे और पानी के तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ के जवानों ने पूरी रात रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाया।