ऋषिकेश में रेल हादसे से मचा हड़कंप, वॉशिंग लाइन में दुर्घटनाग्रस्त हुई उज्जैनी एक्सप्रेस..
उत्तराखंड: ऋषिकेश के योगनगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर शाम बड़ा रेल हादसा हो गया। उज्जैनी एक्सप्रेस वॉशिंग लाइन में शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए एंड पॉइंट से टकरा गई। हादसे में इंजन के पीछे लगे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर राहत एवं जांच कार्य शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को अगले दिन उज्जैन के लिए रवाना होना था, जिसके चलते उसे वॉशिंग लाइन में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान शंटिंग प्रक्रिया के समय ट्रेन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। देखते ही देखते ट्रेन तेजी से आगे बढ़ी और बफर स्टॉप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन के पीछे लगे तीन कोच पटरी से उतर गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के क्षेत्रों में अफरातफरी मच गई। खांड गांव और नजदीकी इलाकों के लोग घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन अचानक तेज गति से आगे बढ़ी और कुछ ही क्षणों में ट्रैक छोड़कर झटके के साथ आगे जा टकराई। घटना के बाद स्टेशन क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, स्थानीय पुलिस और रेलवे प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और राहत कार्य शुरू कराया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन में यात्री मौजूद नहीं थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं मिली है।
प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या मानवीय लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रेलवे की तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त डिब्बों और ट्रैक का निरीक्षण शुरू कर दिया है। घटना के बाद रेलवे विभाग ने ट्रैक को दुरुस्त करने और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का काम शुरू कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक मुख्य रेलवे ट्रैक प्रभावित नहीं हुआ है और रेल संचालन सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं हादसे को लेकर रेलवे प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।

More Stories
उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, लंबे समय से थे अस्वस्थ..
उत्तराखंड के दूरस्थ इलाकों में मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं, 4 नई एंबुलेंस रवाना..
हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर ऋषिकेश में सुबह 6 बजे से हो रहा पंजीकरण..