PRD जवानों को DA देने की कवायद तेज, सीएम धामी ने समिति गठन को दी मंजूरी..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों और सफाई कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने PRD जवानों को होमगार्ड की तर्ज पर महंगाई भत्ता देने के मामले में समिति गठित करने को मंजूरी दे दी है। समिति इस संबंध में आवश्यक पहलुओं का अध्ययन कर आगे की कार्रवाई के लिए सुझाव देगी। वहीं, प्रदेश के विभिन्न विभागों में तैनात सफाई कर्मचारियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की जाएगी। इसके प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान कर दिया है।
सीएम के आश्वासन के बाद खुला PRD निदेशालय
PRD जवानों की मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा आंदोलन मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद कुछ नरम पड़ा है। बुधवार को सात दिनों से बंद युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय का ताला खोल दिया गया। हालांकि, संगठन ने साफ किया है कि केवल आश्वासन मिलने से आंदोलन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। मांगों पर वास्तविक कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा। दरअसल, मांगों की अनदेखी से नाराज प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने 19 नवंबर को निदेशालय में प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी थी। इस दौरान कई अधिकारी करीब चार घंटे तक कार्यालय के अंदर ही रहे। इसके बाद संगठन ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित विभागीय कार्यालयों पर भी ताले लगा दिए थे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत के मुताबिक, मुख्यमंत्री की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद निदेशालय की तालाबंदी खत्म कर दी गई है। संगठन अब सरकार की ओर से उठाए जाने वाले अगले कदम का इंतजार कर रहा है।
सफाई कर्मचारियों के मानदेय में भी होगी बढ़ोतरी
इधर, प्रदेश के अलग-अलग सरकारी विभागों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को भी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके मानदेय में वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से विभिन्न विभागों में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
चंपावत में मेला स्थल के सौंदर्यीकरण को 1.09 करोड़ मंजूर
मुख्यमंत्री ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में स्थित श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया है। इस राशि से मेला स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य कराए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री के इन फैसलों को प्रदेश में कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और स्थानीय विकास कार्यों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

More Stories
मदरसों में मान्यता के बिना धार्मिक पढ़ाई का मामला, उत्तराखंड के 14 संस्थानों से जवाब तलब..
उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा, मुख्यमंत्री कप की इनामी राशि 5 से बढ़ाकर 10 लाख..
9वीं से 12वीं तक के दिव्यांग विद्यार्थियों को राहत, अब पास होने के लिए लाने होंगे 28 फीसदी अंक..