November 26, 2026

9वीं से 12वीं तक के दिव्यांग विद्यार्थियों को राहत, अब पास होने के लिए लाने होंगे 28 फीसदी अंक..

9वीं से 12वीं तक के दिव्यांग विद्यार्थियों को राहत, अब पास होने के लिए लाने होंगे 28 फीसदी अंक..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने दिव्यांग छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में राहत देते हुए परीक्षा परिणाम से जुड़ा अहम फैसला लिया है। अब प्रदेश के सरकारी और अन्य विद्यालयों में कक्षा 9 से 12वीं तक अध्ययनरत पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा में पास होने के लिए पांच अंकों की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। इस संबंध में शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद संबंधित श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा में उत्तीर्ण होने का न्यूनतम मानक 28 प्रतिशत अंक निर्धारित किया गया है। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें निर्धारित पासिंग मार्क्स हासिल करने में परेशानी होती है।

इन श्रेणियों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, पांच अंकों की छूट सभी दिव्यांग विद्यार्थियों को नहीं मिलेगी। इसका लाभ केवल निर्धारित पांच श्रेणियों में शामिल परीक्षार्थियों को दिया जाएगा। इनमें बौद्धिक अक्षमता, मानसिक बीमारी, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, सेरेब्रल पाल्सी और विशेष शिक्षण अक्षमता से प्रभावित विद्यार्थी शामिल हैं। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए परीक्षार्थियों को अपनी दिव्यांगता का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रमाण पत्र के आधार पर ही उन्हें परीक्षा में निर्धारित अतिरिक्त अंकों की छूट प्रदान की जाएगी।

व्यावसायिक विषयों के पासिंग मार्क्स में बदलाव नहीं
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस फैसले का असर व्यावसायिक शिक्षा के विषयों पर नहीं पड़ेगा। इन विषयों में पहले से निर्धारित उत्तीर्णांक और परीक्षा संबंधी नियम ही लागू रहेंगे। शिक्षा सचिव ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश में नई व्यवस्था और इसके दायरे को स्पष्ट किया गया है। सरकार के इस निर्णय से पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए अतिरिक्त राहत मिलेगी।