उत्तरकाशी में 4.2 के भूकंप से मची हलचल, देर रात महसूस हुए झटके..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में सोमवार देर रात भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में भूकंप महसूस किया गया। उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 रही, जबकि टिहरी में 2.0 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया। राहत की बात है कि दोनों जिलों से अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
रात करीब 1:21 बजे आया तेज झटका
उत्तरकाशी में भूकंप का असर यमुना और गंगा घाटी के कई इलाकों में महसूस किया गया। देर रात अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय तक लोगों ने फोन के जरिए अपने रिश्तेदारों और आसपास रहने वाले लोगों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, भूकंप का झटका रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर महसूस किया गया।राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के आसपास राजगढ़ी क्षेत्र के निकट बताया गया है।
टिहरी में भी महसूस हुआ झटका
उत्तरकाशी के साथ टिहरी गढ़वाल में भी भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि यहां इसकी तीव्रता 2.0 रही, जिसके चलते झटका अपेक्षाकृत हल्का था। प्रशासन की ओर से दोनों जिलों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में किसी भवन के क्षतिग्रस्त होने या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभाग स्थानीय स्तर पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

More Stories
उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ा मौका, 10 हजार रोजगार देने की तैयारी..
कांवड़ लेकर निकलीं मंत्री रेखा आर्या, 2036 में भारत को ओलंपिक के लिया बड़ा संकल्प..
उत्तराखंड में नई मजदूरी व्यवस्था लागू, 7 तारीख तक वेतन देना अनिवार्य..