बद्रीनाथ धाम में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां तेज, बामणी गांव से पहुंचेंगी झांकियां..
उत्तराखंड: बद्रीनाथ धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इस बार 4 सितंबर को जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व के मद्देनजर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से मंदिर को सजाने का काम शुरू कर दिया गया है। जन्माष्टमी की मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना के साथ आरती की जाएगी। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन मंदिर में रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठी रवींद्र भट्ट धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मध्यरात्रि में विशेष आरती और पूजा का आयोजन होगा। इस दौरान बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ भी मौजूद रहेंगे।
5 सितंबर को निकलेगी झांकियां
जन्माष्टमी के अगले दिन यानी 5 सितंबर को बद्रीश पंडा पंचायत की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आयोजित किया जाएगा। पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी ने बताया कि बामणी गांव से विभिन्न झांकियां निकाली जाएंगी, जो बदरीनाथ मंदिर पहुंचेंगी। मंदिर परिसर में झांकियों के पहुंचने के बाद भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जन्माष्टमी और जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां की जा रही हैं।

More Stories
खामोशी बनी ताकत, निशानेबाजी में चमके अभिनव देशवाल..
उत्तराखंड में मदरसों पर प्रशासन का एक्शन, रुद्रपुर में दो सील, एक को नोटिस..
चारधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर..