October 5, 2026

खटीमा आदि रंगोत्सव में बड़ा फैसला, एकलव्य विद्यालय के विस्तार पर खर्च होंगे 10 करोड़..

खटीमा आदि रंगोत्सव में बड़ा फैसला, एकलव्य विद्यालय के विस्तार पर खर्च होंगे 10 करोड़..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के खटीमा में रविवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनजातीय परंपराओं के रंग के साथ हुई। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहर में रोड शो भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।मुख्य चौराहे से शुरू हुआ रोड शो नवीन सब्जी मंडी तक पहुंचा। रास्ते में स्थानीय लोगों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक परिधानों में लोकनृत्य और अन्य प्रस्तुतियां दीं। सीएम ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और आयोजन में पहुंचने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया।

एकलव्य विद्यालय के लिए 10 करोड़ की मदद
रंगोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम धामी ने जनजातीय समाज के लिए चल रही योजनाओं और शिक्षा से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरम और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से पिथौरागढ़ में आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का आग्रह किया। सीएम ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण के लिए केंद्र की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का जोर है।

480 विद्यार्थियों की क्षमता वाला एकलव्य विद्यालय
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरम ने कहा कि खटीमा के एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के विस्तार और सुविधाओं पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द काम शुरू होने की बात कही। विद्यालय में 240 छात्र और 240 छात्राओं सहित कुल 480 विद्यार्थियों के लिए शिक्षा की व्यवस्था होगी। ओरम ने विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणाम का भी उल्लेख किया और जनजातीय विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के अवसर बढ़ाने की बात कही।

थारू, बोक्सा और जौनसारी संस्कृति की दिखी झलक
कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए जनजातीय कलाकारों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोक कलाओं का प्रदर्शन किया। राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जहां लोगों ने हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। आयोजन स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

सीएम ने कलाकारों के साथ बजाया ढोल
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ ढोल बजाया। इस दौरान उन्होंने लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी सहित विभिन्न जनजातियों की सांस्कृतिक विरासत को राज्य की विशिष्ट पहचान बताया। उन्होंने जनजातीय समुदायों से अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का आह्वान किया। सीएम ने बताया कि जनजातीय परिवारों के लिए आवास, शिक्षा और रोजगार से संबंधित योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत खटीमा क्षेत्र में पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं। बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण, आश्रम पद्धति विद्यालय और बालिका छात्रावास से जुड़े कार्य भी चल रहे हैं। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण की जानकारी भी कार्यक्रम में दी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए जनजातीय समुदायों को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के साथ उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किए जाने की बात कही गई।

‘हनुमान अंश’ के कलाकार हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया। उन्हें पौधा, हनुमान जी की गदा और नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट की गई। इसके साथ ही खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की तिला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी गई। मुख्यमंत्री ने दोनों की उपलब्धि को क्षेत्र और राज्य के लिए गौरव का विषय बताया। तीन दिवसीय आदि रंगोत्सव में जनजातीय संस्कृति, लोक कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों सहित विभिन्न गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।