उत्तराखंड की मेधावी बेटियों को प्रोत्साहन, 149 छात्राओं को मिले स्मार्टफोन..
उत्तराखंड: अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर देहरादून के सर्वे चौक स्थित आईआरडीटीटी सभागार में बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 149 छात्राओं को स्मार्टफोन देकर सम्मानित किया। सम्मानित छात्राओं में जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं के साथ ही विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्राएं भी शामिल रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी बालिकाओं की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि महिलाओं का समाज और राष्ट्र के विकास में अहम योगदान रहा है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस बालिकाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और उनकी प्रतिभा व क्षमताओं को पहचानने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना आवश्यक है। शिक्षा के माध्यम से बालिकाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने सपनों को साकार करने के साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
मंत्री रेखा आर्या ने सम्मानित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी सफलता को मंजिल नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की शुरुआत मानें। उन्होंने छात्राओं से निरंतर मेहनत करने, नए लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षित और सशक्त बेटियां विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। कार्यक्रम के माध्यम से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

More Stories
उत्तराखंड में आवास योजनाओं को रफ्तार..
उत्तराखंड के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान..
अल्पसंख्यक शिक्षा की नई व्यवस्था में फंसा मिड-डे मील..