मानदेय वृद्धि की ओर बढ़े कदम, आंगनबाड़ी कर्मियों को मिल सकती है राहत..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कर्मियों की लंबित मांगों को लेकर चल रही हलचल के बीच एक सकारात्मक प्रगति सामने आई है। सचिवालय में सीएम पुष्कर सिंह धामी से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सेविकाओं और मिनी कर्मचारियों के संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी के नेतृत्व में पहुंचा था। बैठक के दौरान कर्मियों ने मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस पर सीएम ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी के मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाए हुए है।
बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव ने भी जानकारी दी कि मानदेय बढ़ोतरी के संबंध में केंद्र सरकार से औपचारिक अनुरोध किया जा चुका है। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य स्तर के साथ-साथ केंद्र स्तर पर भी इस मुद्दे पर पहल जारी है। सीएम से मिले आश्वासन के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने फिलहाल प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से राज्य में आंगनबाड़ी सेवाओं के बाधित होने की संभावना टल गई है, जिससे लाखों लाभार्थियों को राहत मिलेगी।
बता दे कि आंगनबाड़ी कर्मियों का मुद्दा हाल ही में विधानसभा के विशेष सत्र में भी उठा था। लक्सर से विधायक मोहम्मद शहबाज ने इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए कर्मियों की स्थिति पर चिंता जताई थी। उस दौरान सीएम ने सदन में आश्वासन दिया था कि सरकार जल्द ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर ठोस निर्णय लेगी। अब ताजा घटनाक्रम के बाद यह उम्मीद और प्रबल हो गई है कि राज्य सरकार निकट भविष्य में आंगनबाड़ी कर्मियों के हित में कोई बड़ा फैसला ले सकती है। यदि ऐसा होता है, तो इससे न केवल कर्मियों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि राज्य में बाल विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

More Stories
हरिद्वार को मिली नई सौगात, आनंद धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए होगी मददगार..
शिक्षा से राजनीति तक का सफर, भगत सिंह कोश्यारी को आज मिलेगा पद्मभूषण..
सीएम धामी ने दिया साफ संदेश, सड़क पर नमाज नहीं, तय जगहों पर ही अदा हो इबादत..