September 19, 2024

HNN MEDIA

हर खबर की सच्चाई

केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं पर कार्यवाही की मांग..

केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं पर कार्यवाही की मांग..

 

रुद्रप्रयाग। दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते रुद्रप्रयाग में भी ट्रेड यूनियनों से जुड़े संगठनों ने सीटू जिला कमेटी के बैनर तले प्रदर्शन किया। साथ ही जनसभा करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर किसान, मजदूरों की समस्याओं पर कार्यवाही की मांग की गई। केदारघाटी के गुप्तकाशी में सीटू जिला कमेटी रुद्रप्रयाग द्वारा रैली निकालकर एक जनसभा की गई। जिसमें बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, व्यापारी आदि ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सीटू के जिला मंत्री वीरेंद्र गोस्वामी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया, जबकि इसके बाद जनसभा संबोधित की गई। सभा को संबोधित करते हुए सीटू के जिला मंत्री वीरेंद्र गोस्वामी ने कहा कि आज देश भर में करोड़ों ट्रेड यूनियन, मजदूर केंद्र की सरकार मजदूर विरोधी नीतियों, निजीकरण और 44 श्रम कानूनों को खत्म कर चार श्रम संहिताएं बनाने के सवाल पर विरोध में है। सामाजिक सुरक्षा, समान काम के समान वेतन, भोजन माताओं व अन्य योजना कर्मियों को 24 हजार दिए जाने, नियमितीकरण, स्थाई नियुक्ति आदि के सवाल के साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा के छः सूत्रीय मांग को स्वीकृत कराने को लेकर देश भर में राष्ट्रव्यापी हड़ताल आयोजित की गई। ट्रेड यूनियनों की इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल को देशभर के पांच सौ किसान संगठनों का भी समर्थन है। इसी संदर्भ में अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा भी इस हड़ताल को समर्थन दिया गया है। इस मौके पर किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजाराम, सेमवाल, नरेन्द्र सिंह रावत, आषाढ़ सिंह धिरवाण, दौलत सिंह रावत, भरत भंडारी, रमेश लाल, जसपाल लाल, शिव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह आदि मौजूद थे। इधर, राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते जिले में पोस्ट ऑफिस और कई बैंक भी बंद रहे, जिससे लोगों का काम काज प्रभावित हुआ। लोग यहां से वैरंग लौटे।