प्रदेश के कई जिलों को विकास योजनाओं की सौगात, विभिन्न कार्यों के लिए 32.58 करोड़ स्वीकृत..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 32.58 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। इस बजट से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बाढ़ सुरक्षा, खेल सुविधाओं, सौर ऊर्जा, सड़क निर्माण, पर्यटन, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
चमोली में बाढ़ सुरक्षा, हल्द्वानी में खेल सुविधाओं का विस्तार
चमोली जिले के थराली विकासखंड स्थित कुलसारी बहुउद्देशीय मैदान को पिंडर नदी के कटाव से बचाने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्यों के तहत 491.98 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एकीकृत खेल अवस्थापना विकास परियोजना के अंतर्गत 100 लाख रुपये के निर्माण कार्यों के लिए पेयजल निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था बनाने की स्वीकृति दी गई है।
3042 सरकारी भवनों पर लगेंगे सोलर प्लांट
प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3042 सरकारी भवनों पर 17 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस परियोजना की कुल लागत 40.67 करोड़ रुपये है। इसके लिए दूसरी किश्त के रूप में 16.268 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के कार्यालय परिसर में परीक्षा हॉल, गेस्ट हाउस के सामने लॉन, आंतरिक सड़क और फर्नीशिंग से जुड़े कार्यों के लिए पहली किश्त के रूप में 123.908 लाख रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में सड़क व पेयजल के काम
पिथौरागढ़ जिले के विण विकासखंड की ग्रामसभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए 84.94 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत द्योगली में सीसी मार्ग, खड़ंजा और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 99.69 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इस कार्य के लिए पहली किश्त में 59.814 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। बागेश्वर जिले में ‘एक जनपद, एक नदी’ योजना के तहत गरुड़ गंगा की विकास कार्ययोजना के लिए पहली किश्त में 316.58 लाख रुपये अवमुक्त करने की स्वीकृति मिली है। वहीं, अल्मोड़ा के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 42.98 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
टिहरी में मंदिरों के सौंदर्यीकरण और ध्यान केंद्रों का निर्माण
टिहरी जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई योजनाओं को स्वीकृति मिली है। कीर्तिनगर विकासखंड स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके तहत पहली किश्त में 40.722 लाख रुपये जारी होंगे। इसी तरह धौड़ंगी बडियारगढ़ के क्षेत्रपाल देवता मंदिर और हिंडोलाखाल के ढुंगरियाल कांडा स्थित चामुंडा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 100.67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए पहली किश्त में 80.294 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुण्डेश्वर महादेव मंदिर के उत्तर दिशा में स्थित ऐसे स्थान पर ध्यान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां से हिमालय और टिहरी झील का सुंदर नजारा दिखाई देता है। इस परियोजना के लिए 82.62 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। पहली किश्त के रूप में 49.572 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
पिथौरागढ़ और चंपावत के पर्यटन व बिजली कार्यों को भी मंजूरी
पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र स्थित पर्यटक स्थल मणकेश्वर सिद्ध महादेव के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 70 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें से 42 लाख रुपये पहली किश्त के तौर पर जारी किए जाएंगे। वहीं, चंपावत जिले के 74 ऐसे तोकों में शत-प्रतिशत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है, जहां अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंच पाई है। इस योजना की कुल स्वीकृत राशि 499.68 लाख रुपये है। इसमें शेष 199.872 लाख रुपये जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। सरकार की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही धार्मिक स्थलों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

More Stories
UKPSC का नया परीक्षा कैलेंडर जारी, PCS प्री-2026 समेत 11 भर्ती परीक्षाओं की तारीखें घोषित..
जाम से मिलेगी राहत, हरिद्वार में 21 किमी लंबे पॉड टैक्सी कॉरिडोर को हरी झंडी..
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने की तैयारी, पीजी छात्रों के लिए अनिवार्य बॉन्ड लागू..