November 26, 2026

चुनाव से पहले उत्तराखंड में अफसरशाही में बदलाव, 17 IAS और 17 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी..

चुनाव से पहले उत्तराखंड में अफसरशाही में बदलाव, 17 IAS और 17 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए 12 आईएएस अधिकारियों, एक आईपीएस, दो पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इसके साथ ही पुलिस महकमे में भी व्यापक स्तर पर तबादले किए गए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत 17 पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

IAS और PCS अधिकारियों के विभागों में बदलाव
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव एल. फैनई को उनके मौजूदा विभागों के साथ आबकारी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग वापस ले लिया गया है। उनके पास निर्वाचन और जलागम विभाग का प्रभार पहले की तरह बना रहेगा। आईएएस रणजीत सिंह के विभागों में बदलाव करते हुए उनसे तकनीकी शिक्षा विभाग हटा दिया गया है। अब उन्हें सचिव आयुष शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी विभाग वापस लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग का दायित्व दिया गया है। आईएएस डॉ. आर. राजेश कुमार को उनके वर्तमान विभागों के साथ औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। युगल किशोर पंत भी अपने मौजूदा विभागों के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग का कामकाज देखेंगे।

इसी क्रम में आईएएस रंजना राजगुरु से आयुष विभाग हटाकर नियोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस अमित सिन्हा को विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण के पदभार से मुक्त कर दिया गया है। आईएएस रीना जोशी को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ श्रम विभाग भी सौंपा गया है। अपर सचिव विनीत कुमार से श्रम विभाग वापस लेकर उन्हें जलागम और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अपर सचिव मनुज गोयल को वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है। अपर सचिव मेहरबान बिष्ट से सहकारिता विभाग हटाकर गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अभिनव शाह को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ सहकारिता विभाग सौंपा गया है।

पीसीएस अधिकारियों में बीएस चलाल को बाध्य प्रतीक्षा से हटाकर निदेशक दुग्ध विकास बनाया गया है। वहीं, इलागिरी से दुग्ध विकास विभाग लेकर उन्हें अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय सेवा के अधिकारियों में विक्रम यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग वापस लिया गया है। वह सचिवालय प्रशासन का कामकाज देखते रहेंगे। वहीं, अपर सचिव महिमा रौंकली को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ वन विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

पुलिस महकमे में भी बड़ा फेरबदल, 17 अधिकारियों के तबादले
प्रशासनिक बदलावों के साथ उत्तराखंड पुलिस में भी बड़े स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। शासन ने 17 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में एसएसपी, एसपी, सेनानायक और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव ऊधमसिंहनगर जिले में देखने को मिला है। आईपीएस मणिकांत मिश्रा को एक बार फिर जिले का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है। वहीं, आईपीएस श्वेता चौबे को टिहरी एसएसपी के पद से हटाकर आईआरबी द्वितीय का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

शासनादेश के मुताबिक मंजूनाथ टीसी को एसएसपी नैनीताल से हटाकर 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। पंकज भट्ट को 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर से स्थानांतरित कर आईआरबी प्रथम, बेलपड़ाव का सेनानायक नियुक्त किया गया है। मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना से एसएसपी ऊधमसिंहनगर की जिम्मेदारी मिली है। अमित श्रीवास्तव प्रथम को एसपी सीआईडी सेल, देहरादून से एसपी अभिसूचना बनाया गया है। वहीं, श्वेता चौबे को एसएसपी टिहरी से सेनानायक आईआरबी द्वितीय की कमान सौंपी गई है।

अमित श्रीवास्तव द्वितीय को पुलिस मुख्यालय से एसपी चमोली भेजा गया है। देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर के सेनानायक पद से हटाकर एसएसपी पौड़ी बनाया गया है। अर्पण यदुवंशी को सेनानायक एसडीआरएफ से एसएसपी नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है। विशाखा अशोक भदाणे को आईआरबी द्वितीय के कमांडेंट पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में एसपी बनाया गया है। वहीं, अजय गणपति कुमार को एसएसपी ऊधमसिंहनगर से स्थानांतरित कर सेनानायक एसडीआरएफ नियुक्त किया गया है। पौड़ी के एसएसपी रहे सर्वेश पंवार को एसपी सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है। जितेंद्र मेहरा को एसपी बागेश्वर से हटाकर पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है। सरिता डोबाल को एसपी सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय से एसएसपी टिहरी बनाया गया है। हरिश वर्मा को आईआरबी प्रथम, बेलपड़ाव से हटाकर 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है। सुरजीत पंवार को एसपी चमोली से स्थानांतरित कर पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है। इसके अलावा शाहजहां जावेद खान को अपर पुलिस अधीक्षक यातायात निदेशालय से एसपी फायर सर्विस बनाया गया है। जगदीश चन्द्र को एसपी नगर, नैनीताल से स्थानांतरित कर एसपी बागेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को देखते हुए शासन और पुलिस विभाग में किए गए इन बदलावों को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। एक साथ कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग और तैनाती स्थल बदलने से आने वाले समय में शासन से लेकर जिलों तक प्रशासनिक कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है।