November 16, 2026

अफ्रीका में इबोला का खतरा, उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर..

अफ्रीका में इबोला का खतरा, उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर..

 

उत्तराखंड: अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के संक्रमण को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने स्वास्थ्य महकमे को सतर्क कर दिया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बाद प्रदेश के सभी जिलों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की ट्रैवल हिस्ट्री और स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों पर नजर रखी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में करीब 40 पर्यटकों की निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि विदेश से आने वाले ऐसे यात्रियों की पहचान की जाए, जिन्होंने हाल के दिनों में इबोला प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा की हो। किसी भी यात्री में संक्रमण से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। साथ ही जरूरत पड़ने पर संदिग्ध मरीज को आइसोलेशन में रखने और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इबोला संक्रमण की आशंका को देखते हुए प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी के साथ संदिग्ध मामलों की समय पर पहचान और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

क्या है इबोला और कैसे फैलता है संक्रमण?
इबोला एक गंभीर वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के रक्त और शरीर से निकलने वाले तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैल सकती है। संक्रमित वस्तुओं के संपर्क से भी संक्रमण का खतरा रहता है। इस बीमारी में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। गंभीर स्थिति में शरीर के अंदरूनी या बाहरी हिस्सों से रक्तस्राव भी हो सकता है। संक्रमण के संपर्क में आने के बाद लक्षण सामने आने में 2 से 21 दिन तक का समय लग सकता है। यही वजह है कि प्रभावित क्षेत्रों से लौटने वाले यात्रियों की 21 दिनों तक निगरानी को महत्वपूर्ण माना जाता है।

पांच देशों में सामने आए संक्रमण के मामले
विश्व स्वास्थ्य संगठन के नवंबर 2026 के अपडेट के अनुसार, वर्ष 2026 में डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, युगांडा, केन्या, नाइजीरिया और फ्रांस में इबोला के मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि, इन देशों में संक्रमण की स्थिति एक जैसी नहीं है। कुछ स्थानों पर स्थानीय स्तर पर संक्रमण फैला, जबकि कुछ देशों में बाहर से पहुंचे संक्रमित मरीज सामने आए।

अस्पतालों को भी तैयार रहने के निर्देश
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के अनुरूप प्रदेश के अस्पतालों को संक्रमण से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम रखने को कहा गया है। इसमें आइसोलेशन वार्ड, पीपीई किट, जांच की सुविधा और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा से जुड़े प्रबंध शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का जोर संभावित संक्रमित मरीजों की जल्द पहचान और संक्रमण को फैलने से रोकने पर है। इसके लिए जिला स्तर पर निगरानी और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।