November 16, 2026

अशासकीय विद्यालयों में नियुक्तियों पर उठे सवाल, प्रधानाचार्यों की भर्ती की होगी पड़ताल..

अशासकीय विद्यालयों में नियुक्तियों पर उठे सवाल, प्रधानाचार्यों की भर्ती की होगी पड़ताल..

 

उत्तराखंड: प्रदेश के अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की नियुक्तियों को लेकर उठ रहे सवालों पर शासन ने गंभीर रुख अपनाया है। नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितता और कथित फर्जीवाड़े की शिकायतों के बाद अब माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जांच की तैयारी शुरू कर दी है। खासतौर पर हरिद्वार और पौड़ी जिले के कुछ विद्यालयों में हुई नियुक्तियां जांच के दायरे में आ सकती हैं। शासन की ओर से माध्यमिक शिक्षा विभाग को प्राप्त शिकायतों का परीक्षण कर नियुक्तियों की वास्तविक स्थिति सामने लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद विभाग ने संबंधित मामलों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सिमल्टी के अनुसार, जिन अशासकीय विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की नियुक्तियों को लेकर शिकायतें मिली हैं, उन सभी मामलों की जांच कराई जाएगी।

नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेजों की होगी पड़ताल
जांच के दौरान प्रधानाचार्यों की नियुक्ति से जुड़ी पूरी प्रक्रिया, शासन की ओर से निर्धारित नियमों और संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। विभाग यह भी देखेगा कि नियुक्तियां निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई हैं या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा फर्जीवाड़े की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग शिकायतों के आधार पर मामलों की जांच की तैयारी कर रहा है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किन विद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान नियमों का उल्लंघन किया गया है। इस कार्रवाई से अशासकीय विद्यालयों में नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों का जवाब मिलने की उम्मीद है।