November 16, 2026

बद्री विशाल के दर्शन का आज आखिरी मौका, रात 9:37 बजे बंद होंगे मंदिर के कपाट..

बद्री विशाल के दर्शन का आज आखिरी मौका, रात 9:37 बजे बंद होंगे मंदिर के कपाट..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का भी समापन हो जाएगा। मंदिर में कपाट बंद करने से संबंधित धार्मिक अनुष्ठान अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। कपाट बंद होने से पहले सोमवार को श्रद्धालुओं को भगवान बदरीविशाल के विशेष पुष्प श्रृंगार के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। कपाट बंदी के अवसर पर भगवान नारायण का पारंपरिक स्वर्ण श्रृंगार नहीं किया जाएगा, बल्कि उन्हें विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया जाएगा। मंदिर में शाम 7:30 बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू होगी।

पंच पूजा के साथ शुरू हुई थी तैयारियां
बद्रीनाथ मंदिर में कपाट बंद करने की परंपरागत प्रक्रिया पांच दिन पहले पंच पूजा के साथ शुरू हुई थी। पहले दिन गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए। दूसरे दिन आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद हुए। तीसरे दिन खड़ग-पुस्तक पूजा संपन्न होने के साथ वेद ऋचाओं का वाचन रोक दिया गया। रविवार को पंच पूजा के चौथे दिन माता लक्ष्मी को भगवान बद्री विशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने माता लक्ष्मी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और कढ़ाई भोग अर्पित किया।

माता लक्ष्मी के गर्भगृह में विराजमान होने के बाद बंद होंगे कपाट
मंदिर के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल के अनुसार, सोमवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। सुबह अभिषेक पूजा के बाद दिनभर भक्त भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा और शाम सात बजे सांध्य पूजा होगी। इसके बाद रात 7:30 बजे रावल मंदिर में प्रवेश कर विशेष पूजा संपन्न करेंगे। धार्मिक परंपरा के अनुसार, सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बद्रीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया जाएगा। इसके बाद कुबेर, उद्धव और गरुड़ जी को गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा। सभी देवी-देवताओं की आरती के बाद रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के अगले दिन भगवान बदरीविशाल की उत्सव डोली शीतकालीन पूजा स्थल के लिए रवाना होगी, जहां आगामी शीतकाल में भगवान की पूजा-अर्चना की जाएगी।

इस यात्रा सीजन में 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी रविवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए और कपाट बंदी से पहले मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में अब तक 23 लाख से अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन कर चुके हैं। कपाट बंद होने के साथ ही एक और यात्रा सीजन का विधिवत समापन हो जाएगा।