गैरसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होगा सदन, सुबह 11 बजे से चलेगी कार्यवाही..
उत्तराखंड: उत्तराखंड विधानसभा का आगामी सत्र 27 अक्टूबर से गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित होगा। सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसके लिए विधानसभा सचिवालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। सत्र के दौरान प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश कर सकती है। धामी सरकार इस बार करीब 5,000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लाने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए विभिन्न विभागों से विकास योजनाओं और अन्य आवश्यकताओं के संबंध में प्रस्ताव मांगे गए हैं। वित्त विभाग इन प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है, जिसके बाद बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा।
विकास योजनाओं पर रहेगा सरकार का जोर
आगामी अनुपूरक बजट में विकास कार्यों और विभागीय जरूरतों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। सरकार की कोशिश होगी कि जिन योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता है, उन्हें बजट के माध्यम से संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें। इसके साथ ही सरकारी खर्च और राजस्व प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जाएगा। जिन विभागों में स्वीकृत बजट की पूरी राशि खर्च नहीं हो पाई है, वहां बची धनराशि का उपयोग अन्य विभागों की जरूरतमंद विकास योजनाओं के लिए किए जाने की संभावना है। इस संबंध में वित्त विभाग विभागवार प्रस्तावों का परीक्षण कर रहा है।
पिछले साल 5,315 करोड़ का था अनुपूरक बजट
वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तराखंड सरकार ने 5,315 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया था। इसी आधार पर इस वर्ष भी अनुपूरक बजट का आकार लगभग पांच हजार करोड़ रुपये या उससे अधिक रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के अनुसार, गैरसैंण में सत्र आयोजित करने के लिए विधानसभा सचिवालय की तैयारियां चल रही हैं। वहीं, वित्त सचिव दिलीप जावलकर ने कहा कि विभिन्न विभागों से मिले प्रस्तावों की जांच के बाद अनुपूरक बजट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले सत्र में सरकार के बजट प्रस्तावों के साथ प्रदेश के विकास कार्यों और वित्तीय प्राथमिकताओं पर भी नजर रहेगी।

More Stories
मदरसों की मान्यता को लेकर सरकार सख्त..
प्राथमिक स्कूलों में समावेशी शिक्षा पर चुनौती, विशेष शिक्षकों के 200 से अधिक पद खाली..
उत्तराखंड में विकास योजनाओं को मिलेगी गति..