धुंध की चादर में केदारनगरी, फूलों की सजावट से और भव्य हुआ बाबा का दरबार..
उत्तराखंड: केदारनाथ धाम में मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश, ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने बाबा केदार की नगरी को अपने आगोश में ले लिया है। खराब मौसम के बीच मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों और दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं से धाम का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद केदारनाथ पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में उत्साह बना हुआ है। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु बारिश और ठंड के बीच बाबा के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
14 लाख 83 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे केदारनाथ
यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 14 लाख 83 हजार श्रद्धालु केदारनाथ धाम में बाबा के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा जारी रहने के कारण धाम में तीर्थयात्रियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। मौसम खराब होने के कारण पहाड़ों की ऊंची चोटियां कई बार कोहरे के पीछे छिप जा रही हैं। घाटी में छाई सफेद धुंध के बीच केदारनाथ मंदिर का दृश्य अलग ही आकर्षण पैदा कर रहा है। बारिश से धुला वातावरण और चारों ओर फैली धुंध धाम की प्राकृतिक खूबसूरती को और निखार रही है।
फूलों से सज रहा बाबा केदार का दरबार
केदारनाथ मंदिर की साज-सज्जा का काम भी इन दिनों चल रहा है। मंदिर परिसर को भव्य रूप देने के लिए बड़ी संख्या में रंग-बिरंगे फूल मंगाए गए हैं। फूलों से सजता बाबा केदार का दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बारिश में भीगे फूलों की रंगत, मंदिर के पीछे कोहरे में छिपे पहाड़ और वातावरण में गूंजते बाबा के जयकारे केदारनाथ के दृश्य को और खास बना रहे हैं। केदारनाथ में मौसम लगातार अपना रंग बदल रहा है। कभी बारिश तेज हो रही है तो कभी अचानक घना कोहरा पूरे क्षेत्र को ढक ले रहा है। ठंड और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। दर्शन के लिए पहुंच रहे यात्री कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मौसम के बदले हालात को देखते हुए जिला प्रशासन भी यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रियों को यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेते रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में प्रशासन व संबंधित विभागों से सहयोग लेने की सलाह दी गई है। बारिश और कोहरे के बीच केदारनाथ का बदला हुआ स्वरूप जहां हिमालयी प्रकृति की खूबसूरती दिखा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं की आस्था यह बता रही है कि मौसम की मुश्किलें भी बाबा के दर्शन के उनके संकल्प को कमजोर नहीं कर पा रही हैं।

More Stories
हिमालय संरक्षण के लिए सरकार की पहल, हिमालय परिषद को 1 करोड़ की मदद..
सरकारी दफ्तरों के नामपट्ट अब संस्कृत में भी होंगे..
15 सितंबर से शुरू होगी केदारनाथ हेली सेवा, नहीं बढ़ेगा किराया..