आवाज में मिलेगी योजनाओं की पूरी जानकारी, सीएम धामी ने लॉन्च किए ‘मेरी योजना’ ऑडियो क्लिप..
उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल की है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अब लोगों तक और अधिक सुगमता से पहुंच सकेगी। सीएम ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक ही मंच पर संकलित किया गया है, जिससे नागरिकों को अलग-अलग विभागों में जानकारी तलाशने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पुस्तक में स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया गया है। साथ ही योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया गया है, ताकि आम लोग आसानी से इनका लाभ उठा सकें।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार नवाचार किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी किए जाने वाले आदेशों और दिशा-निर्देशों को भी सरल और आमजन की भाषा में प्रस्तुत किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को उन्हें समझने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और सूचना के अभाव में कोई भी नागरिक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रह जाए। ऑडियो क्लिप के माध्यम से विशेष रूप से उन लोगों को लाभ मिलेगा जिन्हें पढ़ने-लिखने में कठिनाई होती है या जो डिजिटल माध्यमों के जरिए जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बढ़ रहा आगे..
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सबसे लंबे समय तक कार्यकाल पूरा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन चुके हैं और उनके नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां और सुधार देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार कर रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सुधारों का लाभ राज्यों को भी मिल रहा है और विकास की गति लगातार बढ़ रही है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को लगातार विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल शहरी क्षेत्रों तक विकास सीमित रखना नहीं है, बल्कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। यही कारण है कि राज्य के दुर्गम इलाकों में भी विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। राज्य सरकार युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली परियोजना, मिशन एप्पल सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और पलायन की समस्या को कम करना है। सरकार का मानना है कि योजनाओं की सही जानकारी और प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी तथा अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत बना सकेंगे।

More Stories
स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का सुनहरा अवसर, नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर आवेदन शुरू जल्द..
आज दोपहर खुलेगा केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग पोर्टल, दूसरे चरण के लिए करें आवेदन..
SIR अभियान का आगाज, मतदाता सूची अपडेट करने घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ..