May 25, 2026

हरिद्वार को मिली नई सौगात, आनंद धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए होगी मददगार..

हरिद्वार को मिली नई सौगात, आनंद धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए होगी मददगार..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार में आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नई धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि यह धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी और आने वाले समय में चारधाम यात्रा तथा कुंभ मेले के दौरान लाखों यात्रियों को लाभ पहुंचाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने क्षत्रिय कलौता समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज ने अपने परिश्रम, साहस और सामाजिक मूल्यों के बल पर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समुदाय के लोगों ने कृषि, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर समाज सेवा तक, इस समुदाय के लोगों ने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। सीएम धामी ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में सेवाएं देकर समाज के वीर जवान देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने समाज के योगदान को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि राष्ट्रहित और समाजहित की भावना उत्तराखंड की पहचान रही है।

सीएम ने आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आनंद धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का प्रतीक है। इस प्रकार की संस्थाएं समाज को जोड़ने और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अपने संबोधन में सीएम ने हरिद्वार को भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार बताया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार वह पवित्र नगरी है जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और आध्यात्मिक शांति की अनुभूति के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशालाओं और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ 2027 को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में घाटों के पुनरुद्धार, सड़क निर्माण, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुव्यवस्थित व्यवस्था मिल सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे। समारोह के दौरान सीएम ने ट्रस्ट से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को और अधिक मजबूत करने में सहायक साबित होंगे।