May 22, 2026

SCERT का बड़ा फैसला, मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा के आवेदन अब 23 मई तक..

SCERT का बड़ा फैसला, मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा के आवेदन अब 23 मई तक..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला लिया है। अब छात्र-छात्राएं 23 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई थी। परिषद की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कई जिलों और विकासखंडों से आवेदन की समय सीमा बढ़ाने की मांग की जा रही थी। इसके बाद अपर निदेशक पदमेंद्र सकलानी ने तिथि विस्तार के आदेश जारी किए। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अब तक कुल 1 लाख 25 हजार 519 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन इनमें से केवल 80 हजार 670 छात्रों ने ही आवेदन प्रक्रिया पूरी की। यह कुल पंजीकरण का करीब 64 प्रतिशत ही रहा।

शिक्षा विभाग का मानना है कि तिथि बढ़ने से बड़ी संख्या में ऐसे छात्र-छात्राओं को मौका मिलेगा जो किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाए थे। परिषद ने सभी स्कूलों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाई जाए ताकि पात्र छात्र इस योजना का लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। परीक्षा का आयोजन 7 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया निर्धारित पोर्टल पर जारी रहेगी।