18 मई से शुरू होगी रुद्रनाथ यात्रा, मार्ग की सुरक्षा और सुविधाओं का किया गया निरीक्षण..
उत्तराखंड: रुद्रनाथ मंदिर के कपाट आगामी 18 मई को ग्रीष्मकालीन यात्रा के लिए विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण धार्मिक यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वन विभाग ने यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की टीम ने एसडीओ मोहन सिंह के नेतृत्व में सगर से रुद्रनाथ धाम तक पूरे पैदल मार्ग का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने यात्रा मार्ग की वर्तमान स्थिति, संभावित संवेदनशील स्थानों, विश्राम स्थलों और प्राकृतिक जोखिमों का गहन आकलन किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, स्वच्छता, सुरक्षा इंतजाम और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का भी परीक्षण किया गया।अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दर्ज किए, जिनके आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की योजना तैयार की जा रही है। वन विभाग द्वारा सौंपी जाने वाली विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन यात्रा मार्ग को अधिक सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना पर काम कर रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष रुद्रनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे सुरक्षित और सहज तरीके से अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।

More Stories
श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय- ऑनलाइन आवेदन शुरू, समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य..
ई-गवर्नेंस की ओर बड़ा कदम, शिक्षकों के लिए ऑनलाइन अवकाश व्यवस्था लागू..
सुगम-दुर्गम विवाद के बीच नया फैसला, अनुरोध आधारित होंगे शिक्षकों के तबादले..