April 6, 2026

10 अप्रैल से IRCTC पर खुलेगी केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग..

10 अप्रैल से IRCTC पर खुलेगी केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार हेली सेवा की टिकट बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने इसके लिए सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली हैं। अधिकारियों के अनुसार हेली सेवा के टिकट की 100 प्रतिशत बुकिंग इस बार IRCTC पोर्टल के माध्यम से ही होगी। 10 अप्रैल से बुकिंग पोर्टल खोलने की तैयारी है। पहले चरण में करीब 20 दिनों की यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अग्रिम योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।

रविवार को यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में IRCTC अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 अप्रैल से शुरू होने वाली शटल हेली सेवा के संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस वर्ष हेली सेवा के संचालन के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से कुल आठ रूट तय किए गए हैं। इन रूटों पर सेवाएं देने के लिए चार ऑपरेटरों का चयन किया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुगम सेवा मिल सके।

रद्द उड़ानों पर मिलेगा त्वरित रिफंड..
बैठक में मौसम के कारण शटल सेवाएं रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को होने वाली परेशानियों पर भी विचार किया गया। पिछले वर्षों में रिफंड में देरी की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने का भरोसा दिया गया है। यूकाडा ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कारणवश उड़ान रद्द होती है तो यात्रियों को समय पर धनवापसी सुनिश्चित की जाएगी और आवश्यक होने पर संबंधित दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे। प्रशासन का दावा है कि इस बार हेली सेवा को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और यात्री हितों को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जाएगा, जिससे केदारनाथ यात्रा और अधिक सुगम बन सके।