March 14, 2026

धामी सरकार का बड़ा ऐलान, अल्मोड़ा में बनेगा दूसरा लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर..

धामी सरकार का बड़ा ऐलान, अल्मोड़ा में बनेगा दूसरा लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में चल रहे बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार ने युवाओं के कौशल विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अल्मोड़ा में नया लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। इसके शुरू होने के बाद प्रदेश में ऐसे केंद्रों की संख्या दो हो जाएगी। बता दे कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत फिलहाल केवल एक लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर देहरादून में संचालित हो रहा है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2023 में की गई थी। इस केंद्र में युवाओं को विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।

सरकार का मानना है कि विदेशी भाषाओं का ज्ञान युवाओं के लिए विदेशों में नौकरी के नए रास्ते खोल सकता है। इसी उद्देश्य से अब अल्मोड़ा में भी लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोला जाएगा, जिससे कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार युवाओं के कौशल विकास को लेकर लगातार कदम उठा रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि राज्य में ऐसे प्रशिक्षण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। कौशल विकास विभाग के अनुसार योजना के तहत प्रशिक्षण बजट में भी बड़ा इजाफा किया गया है। पहले इस योजना के लिए 75 लाख रुपये का प्रावधान था, जिसे बढ़ाकर अब 3.3 करोड़ रुपये कर दिया गया है। मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सीएम की सकारात्मक सोच के चलते अब राज्य के ज्यादा युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण मिल सकेगा और उनके लिए वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अधिकारियों का कहना है कि नए सेंटर के शुरू होने से न केवल स्थानीय युवाओं को भाषा प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि उन्हें विदेशों में नौकरी के लिए भी बेहतर मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में ऐसे और सेंटर खोले जाएं, ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवा अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार से जुड़ सकें।

योजना के तरत कितनों को मिला लाख..

147 बच्चों को अभी तक दिया गया विदेशी भाषा का प्रशिक्षण

92 बच्चों की विभिन्न देशों में अभी तक लग चुकी है नौकरी

08 से 10 माह का बच्चों को दिया जाता है सेंटर में प्रशिक्षण

16 अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से दिया जा रहा है प्रशिक्षण

10 और बच्चों के लिए सऊदी अरब में है नौकरी का प्रस्ताव