सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, सीएम कार्यक्रम स्थल के पास कार में शव मिलने से खलबली..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के हल्द्वानी में सुबह-सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सीएम धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के समीप खड़ी एक कार में एक युवक का शव बरामद हुआ। घटना डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के नजदीक की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल के पास एक कार लंबे समय से खड़ी दिखाई दे रही थी। वाहन के सभी शीशे बंद थे और अंदर की गतिविधि संदिग्ध लग रही थी। सुबह करीब 9 बजे लोगों ने आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार पूरी तरह बंद थी और अंदर एसी चल रहा था। शीशों से झांकने पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि लंबे समय तक एसी चलने से वाहन के भीतर ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया होगा, जिससे दम घुटने की स्थिति बनी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जा सकेगी। आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक की पहचान 45 वर्षीय अरुण बिष्ट के रूप में की है। वह बरेली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल के संचालक बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के निकट होने के कारण पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने कार और आसपास से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच बहुआयामी तरीके से की जा रही है और सभी संभावित एंगल पर काम किया जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

More Stories
नंदा राजजात मार्गों पर सुधरेंगी सुविधाएं, सीएम ने स्वीकृत किए 3 करोड़..
गोल्डन कार्ड के क्लेम पर कड़ी निगरानी, फीडबैक फार्म के बिना अटकेंगे बिल..
चारधाम यात्रियों के लिए बड़ी तैयारी, हरिद्वार में 20 काउंटर और परिवहन हेल्प डेस्क..