वात्सल्य योजना से 3 करोड़ से ज्यादा की सहायता राशि ट्रांसफर..
उत्तराखंड: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत प्रदेश के हजारों बच्चों को बड़ी राहत देते हुए 3 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की। कैंप कार्यालय से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से राशि जारी करने के बाद मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2020 से इस योजना के जरिए उन बच्चों को सहारा दे रही है, जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खो दिया था। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को प्रतिमाह 3 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि उनकी शिक्षा, पोषण और अन्य आवश्यक जरूरतों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर तक की सहायता राशि पूर्व में ही जारी की जा चुकी थी, जबकि अब दिसंबर और जनवरी माह की धनराशि भी लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है।
दिसंबर माह के लिए 5114 लाभार्थियों को कुल 1 करोड़ 53 लाख 42 हजार रुपये की सहायता दी गई है। वहीं जनवरी माह के लिए 5078 लाभार्थियों को 1 करोड़ 52 लाख 34 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई। इस प्रकार दो महीनों में कुल मिलाकर 3 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित की गई है। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार बेसहारा बच्चों के भविष्य को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। योजना के तहत बच्चों को 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक सहायता दी जाती है। हालांकि, यदि बालिका लाभार्थी का विवाह हो जाता है या कोई लाभार्थी सेवायोजित हो जाता है, तो वह योजना के दायरे से बाहर हो जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि ऐसे बच्चों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना भी है। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना राज्य सरकार की संवेदनशील सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है, जिसके माध्यम से हजारों बच्चों को निरंतर सहयोग मिल रहा है।

More Stories
तिब्बती मार्केट मर्डर केस का 24 घंटे में खुलासा, साजिश में मां की भूमिका उजागर..
दिनदहाड़े फायरिंग से दून दहला, सिल्वर सिटी क्षेत्र में युवक की हत्या..
औषधीय आमील को मिलेगी ग्लोबल पहचान, तीन फर्मों संग सरकार का समझौता..