उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्यभर में हुई बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। खासतौर पर राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में रविवार को जमकर बारिश हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जैसे पर्वतीय जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं मैदानी जिलों में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो शनिवार के मुकाबले सात डिग्री कम रहा। शनिवार को यहां तापमान 37.1 डिग्री था।
राजधानी देहरादून में रविवार को 65.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, आशारोड़ी में सबसे अधिक 94.5 मिमी, सहस्रधारा में 70 मिमी, मोहकमपुर में 60 मिमी और हाथीबड़कला में 56.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह से ही रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी और मौसम सुहावना बना दिया। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में अब मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में तापमान अभी भी 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन बारिश से उमस में काफी कमी आई है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में तापमान 20 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वाले यात्रियों को।

More Stories
उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में अक्षत चमके, 12वीं में तीन टॉपर्स
अयोध्या में उत्तराखंड का सांस्कृतिक केंद्र, धामी सरकार का बड़ा फैसला..
6733 श्रद्धालुओं को मिला उपचार, केदारनाथ यात्रा में हेली रेस्क्यू से बच रहीं जानें..