अलकनंदा नदी में पुल से कूदी महिला, SDRF की टीम लगातार सर्च में जुटी..
उत्तराखंड: टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला के अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार सुबह के समय कीर्तिनगर पुल से एक महिला ने नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से ही महिला का कोई पता नहीं चल पाया है। SDRF और पुलिस की टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
बचाव कार्य में प्राकृतिक परिस्थितियां भी बड़ी चुनौती बन रही हैं। हाल के दिनों में हुई बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और पानी का बहाव तेज होने के साथ ही मटमैला भी हो गया है। ऐसे हालात में रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देना टीमों के लिए कठिन हो गया है, फिर भी बचाव दल पूरी मुस्तैदी के साथ महिला की तलाश में जुटा हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नदी में कूदने वाली महिला की पहचान पौड़ी गढ़वाल जिले के बिलकेदार क्षेत्र निवासी करीब 35 वर्षीय रचना बमराड़ा के रूप में हुई है। फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही महिला के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। एक ओर जहां बचाव दल महिला को खोजने के प्रयास में जुटा है, वहीं दूसरी ओर इस पूरे मामले के पीछे की वजह सामने आना अभी बाकी है।

More Stories
उत्तराखंड में बालिका शिक्षा को बढ़ावा, हर ब्लॉक में छात्रावास खोलने की तैयारी..
मानदेय वृद्धि की ओर बढ़े कदम, आंगनबाड़ी कर्मियों को मिल सकती है राहत..
छह साल बाद खुलेगा लिपुलेख रास्ता, व्यापार के साथ रिश्तों को भी मिलेगी नई दिशा..