June 1, 2025

चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए शासनादेश जारी..

चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए शासनादेश जारी..

 

उत्तराखंड: चैत्र नवरात्र के पहले दिन उत्तराखंड सरकार ने महिला खिलाड़ियों को खास तोहफा दिया है। प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर दिया गया है। यह कॉलेज चंपावत जिले के लोहाघाट में बनाया जाएगा। इससे पहले सीएम ने एक कार्यक्रम में इस कॉलेज की स्थापना की घोषणा की थी। अब शासनादेश जारी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। यह कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय खेल प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना प्रदर्शन निखार सकेंगी।

शासनादेश जारी होने के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने इसे प्रदेशभर की बालिका खिलाड़ियों के लिए नवरात्रि और हिंदू नव वर्ष पर सरकार का विशेष उपहार बताया। उन्होंने कहा कि चंपावत के लोहाघाट में बनने वाला यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज राज्य की बेटियों को खेल और शिक्षा दोनों में उत्कृष्टता हासिल करने का अवसर प्रदान करेगा। कॉलेज के संचालन के बाद प्रदेश की लड़कियों को उच्चस्तरीय खेल प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही स्थान पर मिलेगी। इससे उत्तराखंड की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल को और निखार सकेंगी। यह पहल महिला सशक्तिकरण और खेल विकास की दिशा में सरकार का एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस तकनीकों से सुसज्जित यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वास जताया कि इस पहल से उत्तराखंड की बेटियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखरेगा। इस कॉलेज के माध्यम से खिलाड़ियों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण, खेल चिकित्सा, पोषण परामर्श और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक मजबूत बन सकेंगी। उत्तराखंड की लड़कियां अब केवल देवभूमि की पहचान तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि अपने खेल कौशल से इसे “खेल भूमि” बनाने में भी अहम योगदान देंगी।

38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। खेल मंत्री रेखा आर्या का कहना हैं कि यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज इसी प्रयास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनका कहना हैं कि राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर कई पदक जीते, लेकिन अब तक राज्य में लड़कियों को खेल प्रशिक्षण के लिए कोई समर्पित सरकारी संस्थान नहीं था। चंपावत में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज बनने के बाद यह कमी पूरी हो जाएगी। खेल मंत्री ने शासनादेश जारी होने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और प्रदेश भर की महिला खिलाड़ियों को बधाई दी है। इस कॉलेज के बनने से महिला खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण और बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकेंगी। इस पहल से प्रदेश की बेटियों को खेलों में करियर बनाने के लिए बेहतर मंच मिलेगा और उत्तराखंड को एक खेल हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।