फिल्म निर्माताओं को लुभाएगा उत्तराखंड, IFFI में 3 करोड़ तक की सब्सिडी का हुआ जिक्र..
उत्तराखंड: उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में राज्य सरकार प्रयासरत है। इसी क्रम में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के तहत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार (Waves Film Bazaar) में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग स्थलों को लेकर विशेष चर्चा हुई। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में राज्य की फिल्म निर्माण संभावनाओं, सब्सिडी और फिल्मकारों को मिलने वाली सुविधाओं को प्रमुखता से रखा गया।
फिल्म नीति और सरकारी सुविधाओं पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और चर्चित फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपने विचार रखे। सत्र का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया। इस दौरान केएस चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में लागू उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 का उद्देश्य राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देना और प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि फिल्मकारों को शूटिंग के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अनुमति प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है।
फिल्मों और वेब सीरीज के लिए 3 करोड़ तक की सब्सिडी
संयुक्त निदेशक ने फिल्म नीति के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित पात्रता और शर्तें पूरी करने वाले हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स को अधिकतम तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा सकती है। इसके अलावा सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग की अनुमति संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है, जिससे फिल्म निर्माताओं को समय और संसाधनों की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हिमालय की खूबसूरत वादियों से लेकर नदियों, झीलों, ऐतिहासिक इमारतों और सांस्कृतिक विरासत तक शूटिंग के लिए कई तरह के विकल्प मौजूद हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के अलावा गढ़वाल और कुमाऊं के दूसरे इलाकों में भी फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। चौहान ने बताया कि राज्य की फिल्म नीति में टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी यानी 3T पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को फिल्म इंडस्ट्री से जोड़ने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आरुषि निशंक ने साझा किया वेब सीरीज का अनुभव
पैनल चर्चा में अभिनेत्री और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण देते हुए उत्तराखंड में फिल्म निर्माण के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर तैयार इस प्रोजेक्ट की कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने इसे कमीशन किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल माहौल इसकी बड़ी ताकत है। हालांकि, अधिक फिल्मकारों को आकर्षित करने के लिए राज्य में मजबूत फिल्म निर्माण इकोसिस्टम तैयार करना भी जरूरी है।
राम रेड्डी बोले- उत्तराखंड दूसरे घर जैसा
फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से उनका विशेष जुड़ाव है और यह प्रदेश उन्हें दूसरे घर जैसा महसूस होता है। फिल्म की शूटिंग के लिए सही लोकेशन तलाशने के दौरान वह 17 बार उत्तराखंड आए थे। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।
पर्यटन और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
इस पैनल चर्चा के जरिए उत्तराखंड की फिल्म नीति, शूटिंग लोकेशन और फिल्म निर्माण के लिए दी जा रही आर्थिक सहायता को फिल्म जगत के सामने रखा गया। फिल्मकारों ने भी राज्य में उपलब्ध संभावनाओं पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं। इसके साथ ही होटल, परिवहन, पर्यटन और आतिथ्य जैसे कारोबारों को भी इसका सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

More Stories
उत्तराखंड में आंगनबाड़ी और भोजनमाताओं के लिए खुशखबरी, दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय..
हर बच्चे को पोलियो से सुरक्षा, चार जिलों में 22 नवंबर से चलेगा विशेष अभियान..
दवा खरीद की नई व्यवस्था अटकी, DG हेल्थ के पत्र के बाद शासन ने लिया फैसला..