उत्तराखंड से हिमाचल का सफर होगा आसान, देहरादून-कुल्लू के बीच आज से फ्लाइट शुरू..
उत्तराखंड: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बीच हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एलाइंस एअर ने देहरादून-कुल्लू के बीच सीधी उड़ान सेवा का शेड्यूल जारी कर दिया है। 72 सीटों की क्षमता वाला विमान सप्ताह में दो दिन मंगलवार और बृहस्पतिवार को इस रूट पर संचालित होगा। इस हवाई सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, विमान सुबह 9:50 बजे देहरादून एयरपोर्ट से कुल्लू के लिए रवाना होगा। करीब एक घंटे के सफर के बाद सुबह 10:50 बजे विमान कुल्लू एयरपोर्ट पहुंचेगा। वापसी में विमान सुबह 10:55 बजे कुल्लू से उड़ान भरकर करीब 11:50 बजे देहरादून पहुंचेगा। कंपनी की ओर से मंगलवार की उड़ान के लिए एक तरफ का शुरुआती किराया 1,758 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है। इस सीधी सेवा से यात्रियों को अब देहरादून से कुल्लू पहुंचने के लिए दूसरे शहरों के रास्ते सफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस हवाई सेवा से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश का कुल्लू अपनी खूबसूरत वादियों, पहाड़ों और धार्मिक स्थलों के लिए पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। वहीं, देहरादून एयरपोर्ट उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक केंद्रों तक पहुंचने का अहम माध्यम है। यहां से ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी और चारधाम यात्रा के लिए भी पर्यटक आगे का सफर कर सकते हैं। बता दे कि कि देहरादून एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू हो चुका है। इसके तहत करीब 19 उड़ानों को मंजूरी दी गई है। ऐसे में कुल्लू के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से सर्दियों के पर्यटन सीजन में यात्रियों को एक और विकल्प मिलेगा।

More Stories
उत्तराखंड सरकार ने जारी किया दिवाली बोनस का आदेश..
डीजीसीए के नए नियमों पर ऑपरेटरों की ना, इस सीजन चार्टर्ड हेली सेवा पर लगा ब्रेक..
बिजली की किल्लत के बावजूद दिवाली पर नहीं होगी कटौती, ऊर्जा विभाग ने जारी किए निर्देश..