February 28, 2026

उत्तराखंड के बागेश्वर में डोली धरती, 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज..

उत्तराखंड के बागेश्वर में डोली धरती, 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में एक बार फिर धरती के हिलने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। शुक्रवार सुबह बागेश्वर जिले और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे सुबह-सुबह लोग सतर्क हो गए। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.4 दर्ज की गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप सुबह 07 बजकर 48 मिनट 37 सेकंड पर आया, जिसका केंद्र बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

सुबह के समय आए झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल जरूर बन गया, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप की तीव्रता हल्की थी और अब तक जिले की किसी भी तहसील या गांव से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बता दे कि उत्तराखंड भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, जहां समय-समय पर हल्के झटके महसूस होते रहते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।