विशेषज्ञ डॉक्टर अब 65 वर्ष की आयु तक दे सकेंगे सेवाएं..
उत्तराखंड: राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने सेवानिवृत्ति की आयु पांच साल बढ़ा दी है। अब विशेषज्ञ डॉक्टर 65 साल की उम्र तक सेवाएं दे सकेंगे। विशेषज्ञ डॉक्टरों को 60 साल की उम्र पूरी करने के बाद विकल्प देना होगा। जिसके बाद उन्हें मुख्य परामर्शदाता के तौर पर रिक्त पदों पर तैनात किया जाएगा। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने के आदेश जारी किए। उनका कहना हैं कि आयु सीमा बढ़ाने से राज्य के 550 विशेषज्ञ डॉक्टरों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर होगी और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल सकेंगी।
उनका कहना हैं कि राज्य सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार किया जा रहा है। ऐसे में सरकार ने विशेषज्ञ डॉक्टरों को पांच साल का सेवा विस्तार देने का फैसला किया है। सेवा लाभ केवल उन्हीं विशेषज्ञ डॉक्टरों को मिलेगा जो अस्पतालों में मरीजों को अपनी सेवाएं देंगे। 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों से विकल्प लेकर उन्हें मुख्य परामर्शदाता के पद पर तैनात किया जाएगा। उन्हें प्रशासनिक पद और वित्तीय जिम्मेदारियों का प्रभार नहीं दिया जाएगा। साथ ही पदोन्नति भी नहीं दी जाएगी। सरकारी कर्मचारियों की तरह वेतन वृद्धि और अन्य सेवा लाभ डॉक्टरों को भी मिलेंगे।

More Stories
भक्ति में डूबा केदारनाथ: कपाट खुलते ही पुष्प वर्षा, गूंज उठा पूरा धाम
यमुनोत्री में अव्यवस्था का आलम: जर्जर घोड़ा पड़ाव, मजदूरों को नहीं मिल रही बुनियादी सुविधाएं
चारधाम यात्रा: कमर्शियल वाहनों के ग्रीन कार्ड के लिए अब ऑनलाइन आवेदन शुरू