November 24, 2026

फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र से नौकरी पाने का आरोप, 100 शिक्षकों की होगी जांच

फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र से नौकरी पाने का आरोप, 100 शिक्षकों की होगी जांच..

 

उत्तराखंड: शिक्षा विभाग में दिव्यांग कोटे के तहत नियुक्ति पाने वाले करीब 100 शिक्षकों की दोबारा मेडिकल जांच कराई जाएगी। दिव्यांगता के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले अभ्यर्थियों द्वारा आरक्षण का लाभ लेकर नौकरी हासिल करने की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर जांच प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शिक्षा विभाग ने नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। दरअसल, दिव्यांग कोटे के तहत हुई नियुक्तियों में कुछ अभ्यर्थियों की पात्रता को लेकर सवाल उठाए गए थे। आरोप था कि निर्धारित दिव्यांगता मानकों को पूरा नहीं करने के बावजूद कुछ लोगों ने आरक्षण का लाभ लेकर शिक्षक की नौकरी हासिल कर ली। यह मामला उस समय चर्चा में आया, जब नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड की ओर से हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई।

याचिका पर सुनवाई के दौरान वर्ष 2022 में संबंधित शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की राज्य मेडिकल बोर्ड से जांच कराई गई थी। बताया जाता है कि उस जांच में प्रमाणपत्रों को लेकर अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बावजूद संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी। ऐसे में एक बार फिर पूरे मामले की जांच कराने की तैयारी की गई है। इससे पहले भी शिक्षकों की मेडिकल जांच के लिए एम्स ऋषिकेश में प्रक्रिया शुरू की गई थी। हालांकि, एसआईआर और जनगणना से जुड़ी ड्यूटी के कारण सभी शिक्षकों की जांच पूरी नहीं हो सकी। अब स्वास्थ्य महानिदेशालय की पहल के बाद जांच प्रक्रिया को दोबारा आगे बढ़ाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, दिव्यांग कोटे के तहत नियुक्त करीब 100 शिक्षकों की मेडिकल जांच होनी है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से नोडल अधिकारी नामित कर दिया गया है। अब संबंधित शिक्षकों की स्वास्थ्य जांच कराकर उनकी दिव्यांगता और नियुक्ति के लिए निर्धारित पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जा सकता है।