May 5, 2026

मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ी, अब 20 मई तक आवेदन..

मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ी, अब 20 मई तक आवेदन..

 

 

 

उत्तराखंड: प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। अब कक्षा 6 और कक्षा 9 के विद्यार्थी 20 मई तक आवेदन कर सकेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, पहले इस परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 3 मई निर्धारित की गई थी। लेकिन विभिन्न परिस्थितियों को देखते हुए इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में अपर निदेशक एससीईआरटी, पदमेंद्र सकलानी ने औपचारिक आदेश जारी किए हैं।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, राज्यभर में इन दिनों बड़ी संख्या में शिक्षक और कार्यालयी कर्मचारी जनगणना कार्य में व्यस्त हैं, जिसके कारण समय पर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। यही वजह रही कि अब तक अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं हो सके। आंकड़ों पर नजर डालें तो कक्षा 6 और 9 में कुल 1,15,910 संभावित परीक्षार्थियों के मुकाबले केवल 62,614 विद्यार्थियों ने ही पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है। ऐसे में कई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने विभाग से समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी।

विद्यालयों से मिल रहे लगातार अनुरोध और कम पंजीकरण संख्या को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्रों के हित में यह अहम फैसला लिया है। अब विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिलने से अधिक से अधिक छात्र इस छात्रवृत्ति परीक्षा में भाग ले सकेंगे। यह परीक्षा राज्य के मेधावी छात्रों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है, जिससे वे अपनी शिक्षा को आगे बढ़ा सकें और बेहतर अवसर हासिल कर सकें।