देहरादून सहित कई इलाकों में बारिश ने बढ़ाई सर्दी..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून सहित रविवार को दोपहर बाद राज्य के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं मसूरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। यमुनोत्री धाम में बर्फबारी तो निचले इलाकों व यमुनाघाटी में तेज गर्जना के बारिश हुई। आसपास के इलाकों में रविवार को न सिर्फ हल्की बूंदाबांदी हुई, बल्कि देर शाम जबरदस्त तेज ठंडी हवाएं चलीं। जिसके चलते लोगों को जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम के बदले मिजाज का असर यह रहा कि दिन में भी तापमान धड़ाम हो गया और ठंड से बेहाल लोग घरों में दुबके रहे।
मसूरी में एक बार फिर मौसम ने करवट ली। रविवार को शहर में सुबह से ही घने बादल और कोहरा छा गया। दोपहर में शहर में बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई, जिससे यहां ठंड बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं कड़ाके की ठंड के बावजूद भी पर्यटक मालरोड सहित अन्य जगह घूमते नजर आ रहे हैं।
कर्णप्रयाग में बारिश से फिर बढ़ी ठंड..
वही रविवार को दोपहर बाद कर्णप्रयाग सहित आसपास के गांवों में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। बारिश आने के बाद बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम रही। बेनीताल, पुडियाणी, चौरासैंण, नौटी, नंदासैंण सहित ऊंचाई वाले गांवों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, पिंडरघाटी में बादल छाए रहे। पिंडरघाटी में शीतलहर चल रही है। सोमवार को मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है।

More Stories
भक्ति में डूबा केदारनाथ: कपाट खुलते ही पुष्प वर्षा, गूंज उठा पूरा धाम
यमुनोत्री में अव्यवस्था का आलम: जर्जर घोड़ा पड़ाव, मजदूरों को नहीं मिल रही बुनियादी सुविधाएं
चारधाम यात्रा: कमर्शियल वाहनों के ग्रीन कार्ड के लिए अब ऑनलाइन आवेदन शुरू