April 8, 2026

राष्ट्रीय खेलों के खिलाड़ियों को नौकरी देने की प्रक्रिया तेज, कार्मिक से मिली मंजूरी..

राष्ट्रीय खेलों के खिलाड़ियों को नौकरी देने की प्रक्रिया तेज, कार्मिक से मिली मंजूरी..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 103 पदक जीतकर इतिहास रचने वाले राज्य के 243 खिलाड़ियों को अब जल्द सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा के अनुसार खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने के प्रस्ताव को कार्मिक विभाग की मंजूरी मिल चुकी है। अब यह प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

बता दे कि पिछले वर्ष 28 जनवरी से 24 फरवरी तक आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड ने की थी। इस दौरान राज्य के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खासतौर पर मुक्केबाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। प्रतियोगिता में उत्तराखंड की बेटी अंकिता ध्यानी ने 5000 मीटर दौड़ और 3000 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं मुक्केबाजी में निवेदिता कार्की, कपिल पोखरिया और नरेंद्र ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। ताइक्वांडो में पूजा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके अलावा अन्य कई खिलाड़ियों ने भी राज्य का नाम रोशन किया।

हालांकि राज्य सरकार की खेल नीति और सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा पदक विजेताओं को सीधे सरकारी नौकरी देने की घोषणा के बावजूद अब तक खिलाड़ियों को नियुक्ति नहीं मिल पाई थी। इस मुद्दे को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने भी सक्रियता दिखाते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई की मांग की थी। खेल विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में सुझाव दिया गया है कि 243 पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए विभिन्न विभागों में पद सृजित किए जाएं। इसमें खेल विभाग के साथ-साथ पुलिस, वन और अन्य विभागों में भी नियुक्ति के विकल्प शामिल किए गए हैं। अब वित्त विभाग की मंजूरी मिलते ही इन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिलने का इंतजार खत्म हो जाएगा, जिससे प्रदेश के खेल प्रतिभाओं को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।