March 19, 2026

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा, विजेता खिलाड़ियों और कोचों को करोड़ों का पुरस्कार..

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा, विजेता खिलाड़ियों और कोचों को करोड़ों का पुरस्कार..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बड़ी सौगात देते हुए तीन करोड़ रुपये से अधिक की इनामी धनराशि जारी की है। यह राशि गुरुवार को देहरादून स्थित यमुना कॉलोनी के कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई। इस अवसर पर रेखा आर्य ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह इनामी धनराशि उन खिलाड़ियों को दी गई है जिन्होंने 1 जुलाई 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल के 38वें संस्करण में पदक जीतने वाले कुछ खिलाड़ी और प्रशिक्षक पहले इनामी राशि से वंचित रह गए थे। उस समय आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण उन्हें भुगतान नहीं हो सका था। अब ऐसे सभी खिलाड़ियों और कोचों को भी उनकी लंबित इनामी राशि जारी कर दी गई है, जिससे उनके बीच खुशी का माहौल है। खेल मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पदक विजेताओं के लिए ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों में नए पद सृजित किए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं का रुझान भी और अधिक बढ़ेगा। आने वाले समय में उत्तराखंड से और अधिक प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी, जिसके लिए सरकार हर संभव सहयोग देने को तैयार है।